छत्तीसगढ़ में मानसून मेहरबान, कई जिलों में झमाझम बारिश
अगले 48 घंटे में उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के आसार, कई जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मानसूनी गतिविधियां बढ़ने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में रविवार दोपहर झमाझम बारिश हुई। वहीं कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार मनेन्द्रगढ़ में सर्वाधिक 8 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बिल्हा और मैनपुर में 7-7 सेंटीमीटर, पटना में 6 सेंटीमीटर तथा मुंगेली, गरियाबंद, जनकपुर-भरतपुर, रामानुजगंज, बैकुंठपुर, लोरमी, लालपुर थाना, मगरलोड और चिरमिरी में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई।
इसी तरह नगरी, कुकरेल, रतनपुर, हरदीबाजार, पथरिया, मुकडेगा, बलौदा बाजार, पलारी और भाटापारा में 4-4 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। कुकदुर, मनोरा, पेंड्रा रोड, खड़गवां, कापू, कोंटा, सिमगा, पौड़ी उपरोड़ा, धमतरी, दर्री, बोदरी, मस्तूरी, बीजापुर, पिथौरा और सकरी में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार सुबह कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
अगले तीन घंटे के लिए यलो अलर्ट
इसके अलावा उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में अगले तीन घंटे के दौरान बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने और तेज बारिश व आंधी के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

