सर्वोदय इंग्लिश एवं हिंदी हाईस्कूल, सांकरा में प्रवेश उत्सव:
नए सपनों और नई उम्मीदों का हुआ भव्य स्वागत
उत्तम साहू,नगरी,सांकरा। सर्वोदय इंग्लिश एवं हिंदी हाईस्कूल, सांकरा में 3 जुलाई 2026 को प्रवेश उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। विद्यालय परिवार ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत कर उनके शैक्षणिक जीवन की नई शुरुआत को यादगार बनाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगीना सोम (सरपंच, नवागांव) रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भावेश चन्दनिया एवं पप्पू सेन उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता टी. आर. सिन्हा ने की।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं तथा बड़ी संख्या में पालकों ने सहभागिता की। अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और नैतिक मूल्यों का महत्व बताते हुए मन लगाकर अध्ययन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की पहली पाठशाला भी है।
प्रवेश उत्सव का उद्देश्य नए विद्यार्थियों के मन से झिझक दूर कर उन्हें विद्यालय परिवार से जोड़ना और सकारात्मक शैक्षणिक माहौल से परिचित कराना रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, अपनत्व और सौहार्द का वातावरण बना रहा, जिससे नवप्रवेशी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के चेहरे पर खुशी साफ झलकती रही।

