घर में घुसकर बुजुर्ग की हत्या: बहू ने तीन साथियों संग रची साजिश, चार आरोपी गिरफ्तार
जशपुर। जशपुर जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़ाजोर में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। पारिवारिक विवाद के चलते एक बहू ने अपने तीन परिचित युवकों के साथ मिलकर 70 वर्षीय ससुर की घर में घुसकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को ग्राम बोड़ाजोर निवासी चुगरू प्रधान (70) अपने घर में मृत पाए गए। उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर चोट के कई निशान थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित की गई। साइबर तकनीक, मुखबिरों से मिली सूचना और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ी। जांच में सामने आया कि मृतक और उनकी बहू सुगंती बेसरा (36) के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में उसने अपने तीन परिचित युवकों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
पुलिस जांच के मुताबिक, 3 और 4 जुलाई की दरमियानी रात चारों आरोपी मोटरसाइकिल से चुगरू प्रधान के घर पहुंचे। दरवाजा खुलवाने के बाद उन्होंने लकड़ी के फट्टे और मुक्कों से बुजुर्ग पर हमला किया। इसके बाद उनके हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें चारों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का फट्टा, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में मृतक की बहू सुगंती बेसरा (36), साहिल उर्फ राजा खान (22), आनंद यादव (20) और रोहित सिंह (21) शामिल हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

