बारिश बनी जानलेवा: करंट की चपेट में आकर दो मासूमों की मौत, परिवार में मातम
कोरबा। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच बिजली से जुड़े दो अलग-अलग हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। करंट लगने से 12 वर्षीय शिवम महंत और 6 वर्षीय ज्योति पांडे की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं, बिजली विभाग ने बारिश के दौरान टूटे तारों और खुले विद्युत उपकरणों से दूर रहने की अपील की है।
पहला हादसा ग्राम जपेली में हुआ। 12 वर्षीय शिवम महंत घर पर मोबाइल चला रहा था। मोबाइल की बैटरी खत्म होने पर वह उसे चार्ज करने के लिए उठा। इसी दौरान घर के दरवाजे से गुजर रहा टूटा बिजली तार दरवाजे में करंट प्रवाहित कर रहा था। जैसे ही शिवम दरवाजे के संपर्क में आया, वह करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
दूसरी घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र के पंप हाउस इलाके में हुई। यहां 6 वर्षीय ज्योति पांडे घर के बाहर खेल रहा था। बताया गया कि एक पड़ोसी ने लकड़ी के बांस के सहारे बिजली का कनेक्शन लिया था। लगातार बारिश के कारण बांस गिर गया और बिजली का तार जमीन पर आ गया। खेलते समय ज्योति अनजाने में उस तार के संपर्क में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। स्थानीय लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इन दोनों दर्दनाक हादसों के बाद बिजली विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में टूटे हुए बिजली के तार, खंभों और खुले विद्युत उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा ऐसी स्थिति दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते बड़ा हादसा टाला जा सके।

