स्वर्गीय धर्मपत्नी की स्मृति में न्यौता भोज, स्कूली बच्चों संग साझा किया अपनापन
पेंशनर पी.आर. चंद्रवंशी ने पुण्यतिथि पर कराया सामूहिक भोजन, शाला परिवार ने किया सम्मान
उत्तम साहू,नगरी-सिहावा। सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश करते हुए पेंशनर पी.आर. चंद्रवंशी ने अपनी स्वर्गीय धर्मपत्नी की पुण्यतिथि के अवसर पर शासकीय माध्यमिक शाला, कोटपारा (नगरी) में न्यौता भोज का आयोजन किया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों तथा पेंशनर्स समाज के सदस्यों ने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ समाज में सेवा, सहयोग और सद्भाव का संदेश देना रहा। सामूहिक भोज के दौरान सभी ने स्वर्गीय धर्मपत्नी को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनकी स्मृतियों को याद किया।
इस अवसर पर पेंशनर्स समाज के संरक्षक ए.एल. बनपेला, रमेश सार्वा, के.एल. सिन्हा, एल.एस. गजपाल, अलका गजपाल, डी.एन. शर्मा, एस.पी. ग्वाले, मोहन साहू, हृदय नाग, डी.एस. सोम सहित अनेक पेंशनर्स उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में शासकीय माध्यमिक शाला कोटपारा, नगरी के शाला परिवार ने पी.आर. चंद्रवंशी एवं उपस्थित सभी पेंशनर्स साथियों का शाल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया तथा उनके सहयोग और गरिमामयी उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त किया।
यह आयोजन सामाजिक समरसता, सेवा भावना और दिवंगत परिजनों की स्मृति को समाजहित से जोड़ने का प्रेरणादायी उदाहरण बन गया।

