मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना: द्वारिका- सोमनाथ यात्रा के लिए 24 जुलाई तक करें आवेदन
उत्तम साहू,धमतरी, 14 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत धमतरी जिले के वरिष्ठ नागरिकों के लिए द्वारिका, सोमनाथ एवं नागेश्वर मंदिर की तीर्थयात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा 5 अगस्त से 11 अगस्त 2026 तक प्रस्तावित है।
उप संचालक समाज कल्याण विभाग ने बताया कि योजना के अंतर्गत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक आवेदक ग्रामीण क्षेत्र के संबंधित जनपद पंचायत तथा शहरी क्षेत्र के नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायत से निर्धारित आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
आवेदन पत्र के साथ वर्तमान चिकित्सकीय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर 24 जुलाई 2026 तक संबंधित जनपद पंचायत अथवा नगरीय निकाय में जमा करना होगा।
समाज कल्याण विभाग ने पात्र वरिष्ठ नागरिकों से समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत कर मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

