तंबाकू और धूम्रपान के खिलाफ धमतरी पुलिस का सख्त अभियान, 100 प्रकरण दर्ज
COTPA एक्ट के तहत 20 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई, एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में जिलेभर में चला अभियान
उत्तम साहू,धमतरी, 8 अगस्त 2026। तंबाकू एवं धूम्रपान के बढ़ते सेवन पर अंकुश लगाने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से दूर रखने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने जिलेभर में सख्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में COTPA (सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम) के प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध व्यापक वैधानिक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान जिलेभर में 100 से अधिक प्रकरण दर्ज कर 20 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों पर कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने तथा तंबाकू एवं अन्य तंबाकू उत्पादों से संबंधित निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों की जांच की। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ COTPA एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई केवल चालान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य लोगों को तंबाकू एवं धूम्रपान से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना भी है।
नशामुक्त युवा और स्वस्थ समाज पुलिस की प्राथमिकता
धमतरी पुलिस के अनुसार तंबाकू और धूम्रपान का सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। कम उम्र के बच्चों और युवाओं में तंबाकू सेवन की प्रवृत्ति को रोकना विशेष रूप से जरूरी है। इसके लिए कानून के प्रभावी पालन के साथ जनजागरूकता को भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है।
इसी दिशा में पुलिस द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर समय-समय पर नशामुक्ति, तंबाकू सेवन के दुष्प्रभाव, साइबर अपराध, यातायात नियमों और कानून के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उल्लंघन करने वालों पर आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। COTPA एक्ट सहित अन्य संबंधित कानूनों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान न करें, बच्चों और युवाओं को तंबाकू उत्पादों से दूर रखें तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।
धमतरी पुलिस की अपील
“नशे को ना कहें, तंबाकू से दूरी बनाएं और स्वस्थ जीवन अपनाएं। नशामुक्त धमतरी के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।”
धमतरी पुलिस ने कहा कि कानून का पालन कराने के साथ-साथ जनसहयोग के माध्यम से जिले को स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त बनाने की दिशा में अभियान निरंतर जारी रहेगा।


