देमार स्कूल में स्वास्थ्य शिविर के साथ विद्यार्थियों को मिला करियर मार्गदर्शन

0

 

देमार स्कूल में स्वास्थ्य शिविर के साथ विद्यार्थियों को मिला करियर मार्गदर्शन

सीईओ जिला पंचायत जयंत नाहटा ने छात्रों से किया संवाद, लक्ष्य निर्धारण और समय प्रबंधन को बताया सफलता की कुंजी

विद्यालय में चार अतिरिक्त कक्ष और बालिका शौचालय निर्माण की घोषणा


उत्तम साहू 

धमतरी, 8 अगस्त 2026। धमतरी विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देमार में रोटरी क्लब धमतरी द्वारा स्वास्थ्य शिविर एवं प्रेरक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ शिक्षा, व्यक्तित्व विकास, करियर निर्माण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जयंत नाहटा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के दौरान श्री नाहटा ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए अपने जीवन और प्रशासनिक सेवा से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की नींव तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण समय है। स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन, समय का सदुपयोग, निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच सफलता की राह को मजबूत बनाते हैं।



उन्होंने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन का महत्व समझाते हुए प्रतिदिन अध्ययन की योजना बनाने और बड़े लक्ष्य को छोटे-छोटे चरणों में विभाजित कर तैयारी करने की सलाह दी। साथ ही सामान्य ज्ञान बढ़ाने, समाचार-पत्र पढ़ने और समसामयिक घटनाओं से लगातार अपडेट रहने के लिए प्रेरित किया।

छात्रा भूमिका ने पूछा—आईएएस कैसे बनें?

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सीईओ जिला पंचायत से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे। कक्षा नौवीं की छात्रा भूमिका सेन ने पूछा कि आईएएस बनने के लिए क्या योग्यता आवश्यक है और इसकी तैयारी किस प्रकार की जानी चाहिए।

श्री नाहटा ने सहजता से छात्रा के सवाल का जवाब देते हुए सिविल सेवा परीक्षा की प्रक्रिया और प्रशासनिक सेवा तक पहुंचने के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाने के लिए संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल करनी होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्नातक स्तर की शिक्षा के साथ सामान्य अध्ययन, समसामयिक घटनाओं, लेखन कौशल और नियमित अध्ययन पर ध्यान देने की सलाह दी।



उन्होंने कहा कि बड़े लक्ष्य को देखकर घबराने की जरूरत नहीं है। लक्ष्य को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर चरणबद्ध तरीके से तैयारी करने से सफलता की राह आसान होती है।

चार अतिरिक्त कक्ष और बालिका शौचालय की घोषणा

विद्यालय में विद्यार्थियों की बढ़ती जरूरतों और बेहतर शैक्षणिक वातावरण को देखते हुए श्री जयंत नाहटा ने वीबी-जी रामजी योजना के तहत चार अतिरिक्त कक्ष एवं बालिका शौचालय निर्माण की घोषणा की। घोषणा से विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रबंधन में उत्साह का माहौल बना।



उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर अधोसंरचना जरूरी है। अतिरिक्त कक्षों के निर्माण से विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी, वहीं बालिका शौचालय बनने से छात्राओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश

कार्यक्रम में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को भी विशेष महत्व दिया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को विद्यालय में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण एवं एचआईवी जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के शैक्षणिक विकास के साथ उनका शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

रोटरी क्लब ने शिक्षकों को भेंट की छतरियां

रोटरी क्लब धमतरी की ओर से विद्यालय के सभी शिक्षकों को छतरियां भेंट कर सम्मानित किया गया। इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की। रोटेरियन श्री सत्येन्द्र शर्मा ने रोटरी क्लब के उद्देश्यों और सामाजिक सरोकारों की जानकारी देते हुए बताया कि क्लब द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा और जनसेवा के क्षेत्र में लगातार विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

कार्यक्रम में रोटेरियन श्री मनीष मित्तल, श्रीमती जागृति दोशी, श्री दिलीप भाई मेहता, श्री अजीत खंडेलवाल, जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एल. कौशिक, डॉ. प्रिया कंवर, ग्राम पंचायत देमार के सरपंच श्री विमलेश मीनपाल, शाला विकास समिति अध्यक्ष श्री लोकेश सोनवानी, पंच श्री दिनेश कुंभकार, विद्यालय के प्राचार्य श्री देवनारायण साहू सहित रोटरी क्लब के पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !