धमतरी जिले को 103वीं एसएलबीसी बैठक में मिला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पुरस्कार
सीडी रेशियो, एसीपी बजट लक्ष्य की प्राप्ति और एनपीए वसूली में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हुआ सम्मान
उत्तम साहू
धमतरी, 14 अगस्त 2026। धमतरी जिले ने बैंकिंग क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए 103वीं राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC) की बैठक में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पुरस्कार प्राप्त किया है। रायपुर में मुख्य सचिव श्री विकास शील की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिले को सीडी रेशियो, एसीपी बजट लक्ष्य की प्राप्ति तथा एनपीए वसूली के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। धमतरी जिले की ओर से लीड बैंक मैनेजर श्री इंदर कुमार तिलवानी ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने इस उपलब्धि पर जिले की बैंकिंग एवं प्रशासनिक टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिले के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में बैंकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने, कृषि एवं स्वरोजगार गतिविधियों को वित्तीय सहयोग देने तथा ऋण वितरण और वसूली के बीच बेहतर संतुलन बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं बैंकिंग संस्थाओं के बीच निरंतर समन्वय जरूरी है।
कलेक्टर ने कहा कि धमतरी जिले को मिला यह सम्मान टीम भावना, बेहतर कार्यप्रणाली और निरंतर निगरानी का परिणाम है। जिले में प्राथमिकता क्षेत्र के अंतर्गत ऋण प्रवाह बढ़ाने के साथ किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों, उद्यमियों एवं छोटे व्यवसायियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इसके साथ ही लंबित ऋणों की प्रभावी वसूली तथा बैंकिंग सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिले की इस उपलब्धि से वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिलने के साथ कृषि, स्वरोजगार, छोटे व्यवसाय और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
लीड बैंक मैनेजर श्री इंदर कुमार तिलवानी ने इस उपलब्धि का श्रेय कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा सभी बैंकिंग एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों के मार्गदर्शन, सहयोग और सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि जिले की टीम आगे भी बेहतर बैंकिंग सेवाएं और शासन की वित्तीय योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।

