सिहावा में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 10 गिरफ्तार
दो अलग-अलग स्थानों पर ‘काटपत्ती’ खेलते रंगे हाथ पकड़े गए जुआरी, 6,730 नगद और ताश की 52 पत्ती जब्त
नगरी/धमतरी, 13 अगस्त 2026। जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ धमतरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत सिहावा पुलिस ने 12 अगस्त को दो अलग-अलग प्रकरणों में सार्वजनिक स्थान पर रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर ‘काटपत्ती’ जुआ खेल रहे 10 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 6,730 नगद और ताश की 52 पत्ती जब्त की गई है।
सेमरा गौठान में दो जुआरी गिरफ्तार
पहले मामले में ग्राम सेमरा स्थित गौठान के अंदर स्ट्रीट लाइट के नीचे जुआ खेलने की सूचना पर सिहावा पुलिस ने दबिश दी। मौके से छन्नू लाल साहू (39 वर्ष) और वेद कुमार नेताम (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से ₹530 नगद एवं 52 पत्ती ताश बरामद की गई।
इस मामले में थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 62/26, धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ निवारण अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की गई।
रतावा में आठ जुआरी पुलिस के हत्थे चढ़े
दूसरी कार्रवाई ग्राम रतावा के गौरा चौक में की गई। यहां स्ट्रीट लाइट के नीचे ‘काटपत्ती’ खेल रहे आठ जुआरियों को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सोनसाय नेताम, जीतेन्द्र कुमार नेताम, सिवन नेताम, केशव नेताम, सोनऊ राम नेताम, गुलाब सिंह ठाकुर, महेश पल्ली और लीलेश्वर पवार शामिल हैं।
पुलिस ने इनके कब्जे से 6,200 नगद एवं 52 पत्ती ताश जब्त की। इस मामले में थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 64/26, धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ निवारण अधिनियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
कुल 10 आरोपी गिरफ्तार, 6,730 जब्त
दोनों प्रकरणों में सिहावा पुलिस ने कुल 10 जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹6,730 नगद और ताश की 52 पत्ती जब्त की है। पुलिस द्वारा दोनों मामलों में वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा एवं किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा। पुलिस की ओर से अवैध गतिविधियों के खिलाफ सघन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

