धमतरी में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, 1100 फीट से अधिक लंबे तिरंगे के साथ गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश

0

 

धमतरी में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, 1100 फीट से अधिक लंबे तिरंगे के साथ गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश

म्युनिसिपल स्कूल से शुरू हुई यात्रा, शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गौशाला मैदान में हुआ समापन



उत्तम साहू 

धमतरी, 13 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को धमतरी शहर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ सुबह 11 बजे म्युनिसिपल स्कूल से हुआ। इस दौरान 1100 फीट से अधिक लंबे तिरंगे ने सभी का ध्यान आकर्षित किया और पूरा शहर राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया।

तिरंगा यात्रा में नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा, जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, ठाकुर शशि पवार, तिरंगा यात्रा कार्यक्रम संयोजक चेतन हिन्दुजा एवं रोहिताश मिश्रा, नगर निगम के पार्षदगण, एल्डरमेन, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, युवा, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। यात्रा के माध्यम से ‘तिरंगे के सम्मान में एकजुट भारत’ का संदेश दिया गया।



यात्रा म्युनिसिपल स्कूल से प्रारंभ होकर कोडुमल धर्मशाला, बजरंग चौक, शिव चौक, दुर्गा चौक बनियापारा, कचहरी चौक, गांधी चौक एवं गणेश चौक होते हुए गौशाला मैदान पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा के दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों और राष्ट्रीय एकता के संदेशों से शहर का वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा। विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

1100 फीट लंबे तिरंगे ने बढ़ाया उत्साह



तिरंगा यात्रा का विशेष आकर्षण स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा हाथों में थामा गया 1100 फीट से अधिक लंबा तिरंगा रहा। विशाल तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते विद्यार्थियों और नागरिकों ने एकता, अखंडता और देशभक्ति का जीवंत संदेश दिया। इस दृश्य ने शहरवासियों में खासा उत्साह पैदा किया।

तिरंगा स्वतंत्रता, त्याग और एकता का प्रतीक : महापौर



इस अवसर पर नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने कहा कि तिरंगा केवल हमारे देश का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता, गौरव, त्याग, संघर्ष और एकता का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करने का अवसर देता है, जिनके त्याग और संघर्ष से देश को आजादी मिली।

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने और नागरिकों को राष्ट्रीय एकता के सूत्र में बांधने का प्रभावी माध्यम हैं। देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। आपसी सद्भाव, सामाजिक समरसता, स्वच्छता, अनुशासन और जिम्मेदार नागरिकता की भावना के साथ हम अपने शहर और देश को और मजबूत बना सकते हैं।

महापौर रोहरा ने नागरिकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !