नगरी में गूंजा देशभक्ति का जज्बा, निकली भव्य तिरंगा यात्रा

0

 

नगरी में गूंजा देशभक्ति का जज्बा, निकली भव्य तिरंगा यात्रा

राजा बाड़ा दंतेश्वरी मंदिर से शुरू हुई यात्रा, नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शहीद स्मारक पहुंची; राजा बाड़ा में हुआ समापन



उत्तम साहू,नगरी, 13 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगरी में गुरुवार को नगर पंचायत एवं जनपद पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। “हर दिल में तिरंगा, हर मन में राष्ट्रभक्ति” की भावना के साथ आयोजित इस यात्रा में नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों तथा पंचायत एवं नगर पंचायत के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।



तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सुबह 11 बजे राजा बाड़ा स्थित दंतेश्वरी मंदिर से हुआ। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे बड़ी संख्या में लोग देशभक्ति के नारों और गीतों के साथ यात्रा में शामिल हुए। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए शहीद स्मारक पहुंची, जहां स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद यात्रा पुनः राजा बाड़ा पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों, राष्ट्रभक्ति नारों और तिरंगे के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया गया। आयोजन का उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए नागरिकों में राष्ट्र के प्रति गौरव, कर्तव्य और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करना रहा।



इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष महेश गोटा ने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, स्वतंत्रता, गौरव और संप्रभुता का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा में सभी वर्गों की सामूहिक सहभागिता से स्वतंत्रता दिवस का उत्सव जनभागीदारी का स्वरूप प्राप्त करता है और लोगों में राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना मजबूत होती है।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा, जनपद पंचायत अध्यक्ष महेश गोटा, उपाध्यक्ष हृदय साहू, मंडल अध्यक्ष राजेश गोसाईं, वरिष्ठ भाजपा नेता विकल गुप्ता,एसडीएम प्रीति दुर्गम, जनपद पंचायत सीईओ नारद मांझी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी यशवंत वर्मा, उप अभियंता प्रमेश कुमार ध्रुव सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ एवं गणमान्य नागरिक, नगर पंचायत एवं जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

भव्य तिरंगा यात्रा ने नगरी में स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति का माहौल बना दिया। हाथों में लहराते तिरंगे और गूंजते राष्ट्रभक्ति के नारों ने नगरवासियों में राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना को और प्रबल किया।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !