नक्सल प्रभावित रिसगांव में 12 साल से स्वास्थ्य सेवा, 10 साल से शून्य मातृ मृत्यु
स्वतंत्रता दिवस पर RMA दुर्गेश कुमार साहू जिला स्तरीय सम्मान से सम्मानित, रिसगांव क्षेत्र को पहली बार मिला यह गौरव
उत्तम साहू
धमतरी/नगरी, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धमतरी में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में नक्सल प्रभावित एवं अति-संवेदनशील रिसगांव क्षेत्र में उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले आर.एम.ए. दुर्गेश कुमार साहू को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया। वे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सांकरा के अंतर्गत उप स्वास्थ्य केंद्र रिसगांव में पदस्थ हैं।
इस सम्मान की खास बात यह है कि रिसगांव क्षेत्र के इतिहास में पहली बार किसी विभागीय कर्मचारी को जिला स्तरीय सम्मान प्राप्त हुआ है। नक्सल प्रभावित, वनांचल एवं टाइगर रिजर्व क्षेत्र होने के कारण यहां विषम परिस्थितियों में सेवाएं देना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है।
दुर्गम परिस्थितियों में 12 वर्षों से सेवा
विकासखंड नगरी का रिसगांव क्षेत्र अत्यंत दुर्गम है। क्षेत्र में पक्की सड़क, पर्याप्त बिजली व्यवस्था तथा बरसात के दौरान आवागमन के लिए आवश्यक पुल-पुलियों का अभाव है। बारिश के दिनों में करीब चार महीने तक नगरी मुख्यालय से संपर्क बाधित रहता है। ऐसी परिस्थितियों के बावजूद दुर्गेश कुमार साहू वर्ष 2012 से रिसगांव में मुख्यालय निवास कर निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं।
उनके समर्पण और मेहनत का परिणाम बताया जा रहा है कि उनके कार्यक्षेत्र में पिछले 10 वर्षों से एक भी मातृ मृत्यु दर्ज नहीं हुई है। वहीं शिशु मृत्यु दर को भी न्यूनतम स्तर पर बनाए रखने में सफलता मिली है।
टीकाकरण और संस्थागत प्रसव में बेहतर परिणाम
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार क्षेत्र में टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, कुपोषण नियंत्रण तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। आपातकालीन परिस्थितियों में आर.एम.ए. साहू दुर्गम गांवों तक पैदल पहुंचकर घर-घर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराते हैं।
दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, सीमित संसाधनों और आवागमन की कठिनाइयों के बावजूद उनका लगातार क्षेत्र में रहकर सेवाएं देना स्थानीय ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत का कारण रहा है।
सम्मान से क्षेत्र में खुशी की लहर
जिला प्रशासन ने उनके निडर होकर कर्तव्य निर्वहन, समर्पण और मानव सेवा के जज्बे की सराहना करते हुए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया। रिसगांव क्षेत्र को पहली बार जिला स्तरीय सम्मान मिलने से नगरी अंचल में खुशी और गर्व का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विषम परिस्थितियों में भी निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले दुर्गेश कुमार साहू क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं। स्वास्थ्य विभाग ने भी उम्मीद जताई है कि ऐसे समर्पित स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयासों से वनांचल एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।



