रुद्री में कयाकिंग अकादमी का शुभारंभ,जल पर्यटन और साहसिक खेलों को मिलेगा नया आयाम
युवाओं को प्रशिक्षण व रोजगार के अवसर, इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने जल क्रीड़ा गतिविधियों का होगा विस्तार
उत्तम साहू
धमतरी, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धमतरी जिले में पर्यटन, साहसिक खेल और स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। रुद्री बांध परिसर में कयाकिंग अकादमी का शुभारंभ नगर निगम के महापौर श्री रामू रोहरा ने किया। इस पहल से रुद्री और गंगरेल क्षेत्र में जल पर्यटन तथा साहसिक खेल गतिविधियों को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने बताया कि गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन (छत्तीसगढ़) एवं कर्मा महिला स्व-सहायता समूह, रुद्री के सहयोग से शुरू की गई यह अकादमी जिले में जल आधारित साहसिक गतिविधियों के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में यहां अन्य जल क्रीड़ा गतिविधियों का भी विस्तार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जलाशय की जल गुणवत्ता सुधारने, जैविक तरीके से प्रदूषण एवं दुर्गंध को कम करने और पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बायो क्यूब (Bio Cube) भी लगाए जाएंगे। इससे जल क्रीड़ा स्थलों को अधिक स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के साथ इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर विकसित होंगे।
महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि रुद्री बांध की प्राकृतिक सुंदरता, विशाल जलराशि और मनोरम परिवेश कयाकिंग जैसी साहसिक गतिविधियों के लिए उपयुक्त हैं। कयाकिंग अकादमी के माध्यम से स्थानीय युवाओं और पर्यटकों को रोमांचक जल खेल का अनुभव मिलेगा। इससे धमतरी के पर्यटन मानचित्र पर रुद्री एवं गंगरेल क्षेत्र को और अधिक आकर्षक बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि अकादमी का उद्देश्य केवल साहसिक खेलों को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, महिला स्व-सहायता समूहों की भागीदारी बढ़ाना और पर्यटन आधारित स्थानीय आजीविका को सशक्त करना भी है। कयाकिंग से मनोरंजन एवं रोमांच के साथ शारीरिक व्यायाम को भी बढ़ावा मिलेगा।
स्वतंत्रता दिवस पर अकादमी का शुभारंभ ‘जल, प्रकृति और समुदाय के साथ नई शुरुआत’ के संदेश को सार्थक करता है। अकादमी का मूल संदेश “Paddle Your Way to Adventure – Live Life One Stroke at a Time” युवाओं में साहस, आत्मविश्वास और प्रकृति के प्रति जुड़ाव की भावना को प्रोत्साहित करता है।
शुभारंभ अवसर पर महापौर श्री रामू रोहरा एवं कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने स्वयं कयाक में बैठकर चप्पू (Paddle) चलाया और कयाकिंग के रोमांच का अनुभव लिया।
रुद्री बांध परिसर में विकसित यह पहल जिले में साहसिक पर्यटन, जल क्रीड़ा और स्थानीय रोजगार के नए अवसरों का द्वार खोलने की दिशा में उल्लेखनीय कदम है। आने वाले समय में पर्यटकों और साहसिक खेल प्रेमियों के लिए यहां सुरक्षित, व्यवस्थित और आकर्षक गतिविधियों का विस्तार किए जाने की संभावना है।
इस अवसर पर एसडीएम धमतरी श्री पीयूष तिवारी, एसडीएम कुरूद श्री नभ सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोनिका देवांगन, रुद्री सरपंच सहित जनप्रतिनिधि, गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन, कर्मा महिला स्व-सहायता समूह के सदस्य तथा अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


