‘ऑपरेशन रक्षा सूत्र’ अभियान के तहत सैनिकों को भेजीं 14,142 राखियां

0

 

‘ऑपरेशन रक्षा सूत्र’ अभियान के तहत सैनिकों को भेजीं 14,142 राखियां

महिला एवं बाल विकास विभाग की अनूठी पहल, आंगनबाड़ी परिवार ने सैनिक भाइयों तक पहुंचाया स्नेह और सम्मान का संदेश



उत्तम साहू 

धमतरी, 4 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन रक्षा सूत्र’ अभियान के तहत जिले के वीर सैनिकों के लिए 14,142 राखियां जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्रेषित की गईं। अभियान का उद्देश्य देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के प्रति जिले की मातृशक्ति और बहनों की भावनाओं को व्यक्त करते हुए राष्ट्रप्रेम, सामाजिक सहभागिता और कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करना है।

इस अभियान में जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, पर्यवेक्षकों, सभी सीडीपीओ, जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक सहभागिता निभाई। सभी के समन्वित प्रयासों से निर्धारित समय में राखियों का संकलन कर उन्हें सैनिकों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई।



कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि सुरक्षा, विश्वास और जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन रक्षा सूत्र’ के माध्यम से जिले की बहनों ने अपने सैनिक भाइयों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और आत्मीयता की भावनाएं राखियों के रूप में प्रेषित की हैं। यह पहल समाज और सेना के बीच भावनात्मक संबंधों को और मजबूत करती है तथा हमारे वीर जवानों के प्रति सम्मान प्रकट करने का प्रेरक संदेश देती है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जिलेभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने अभियान में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। विभागीय टीम के समन्वित प्रयासों से 14,142 राखियां समय पर एकत्रित कर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सैनिक भाइयों तक भेजी गईं।

महिला एवं बाल विकास विभाग की यह पहल सामाजिक संवेदनशीलता, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का एक प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आई है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !