‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर धमतरी में निकली साइकिल तिरंगा यात्रा
10 किलोमीटर की यात्रा में गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश, ‘टूर डे धमतरी’ के 25 साइकिल सवार भी हुए शामिल
उत्तम साहू,धमतरी, 8 अगस्त 2026। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के गौरवपूर्ण अवसर पर शनिवार को धमतरी में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का अद्भुत नजारा देखने को मिला। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित साइकिल तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिकों, अधिकारी-कर्मचारियों, युवाओं और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा और मन में राष्ट्रप्रेम का भाव लिए प्रतिभागियों ने करीब 10 किलोमीटर की दूरी तय कर राष्ट्रीय एकता, स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
साइकिल तिरंगा यात्रा रत्नाबांधा चौक से प्रारंभ होकर मरादेव पहुंची। यात्रा में महापौर श्री रामू रोहरा सहित अधिकारी-कर्मचारी, माई भारत के स्वयंसेवक, स्काउट-गाइड, एनएसएस स्वयंसेवक, गणमान्य नागरिक और स्कूली विद्यार्थी शामिल हुए।
‘टूर डे धमतरी’ के 25 साइकिल सवार बने आकर्षण
यात्रा का विशेष आकर्षण राजधानी रायपुर से ‘टूर डे धमतरी’ के तहत पहुंचे 25 साइकिल सवार रहे। पर्यटन, युवा सहभागिता और नशामुक्ति का संदेश लेकर धमतरी पहुंचे इन साइकिल सवारों ने तिरंगा यात्रा में शामिल होकर युवाओं को स्वस्थ, सक्रिय और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। साइकिल यात्रा के माध्यम से उन्होंने धमतरी की प्राकृतिक एवं पर्यटन संभावनाओं को बढ़ावा देने का भी संदेश दिया। तिरंगे के साथ उनकी सहभागिता से यात्रा में खासा उत्साह देखने को मिला।
तिरंगे के साथ दिया राष्ट्रप्रेम और नशामुक्ति का संदेश
साइकिल तिरंगा यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने ‘वंदे मातरम्’ के गौरवशाली इतिहास को स्मरण करते हुए राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। युवाओं को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। यात्रा ने यह संदेश दिया कि राष्ट्रप्रेम केवल भावना नहीं, बल्कि समाज और देश के प्रति जिम्मेदार आचरण का संकल्प भी है।
सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गान से गूंजा वातावरण
यात्रा के दौरान जिंजर लिफ रेस्टोरेंट में आयोजित कार्यक्रम में महापौर श्री रामू रोहरा, उप संचालक श्री नकुल वर्मा, बीईओ धमतरी श्री लीलाधर चौधरी, माई भारत, स्काउट-गाइड, एनएसएस के प्रतिनिधियों, पत्रकारों, गणमान्य नागरिकों एवं स्कूली विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। सामूहिक स्वर में गूंजे राष्ट्रगीत से पूरा वातावरण देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओतप्रोत हो गया।
महापौर रामू रोहरा बोले—‘वंदे मातरम्’ राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक
इस अवसर पर महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता, संघर्ष, त्याग और राष्ट्रीय चेतना की गौरवशाली पहचान है। इसके 150 वर्ष पूर्ण होना हम सभी के लिए गर्व और गौरव का अवसर है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में युवाओं, विद्यार्थियों और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी यह दर्शाती है कि देशभक्ति की भावना आज भी उतनी ही प्रबल है।
उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। साइकिल तिरंगा यात्रा ने धमतरी की धरती पर ‘वंदे मातरम्’ के प्रति सम्मान, तिरंगे के प्रति गौरव और राष्ट्र निर्माण के प्रति संकल्प का सशक्त संदेश दिया।





