उत्कृष्ट कार्य के लिए धमतरी पुलिस के 16 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
एसपी भावना पांडेय ने प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया पुलिसकर्मियों का मनोबल, बेहतर पुलिसिंग के लिए निरंतर प्रोत्साहन का दिया भरोसा
उत्तम साहू
धमतरी, 21 अगस्त 2026। पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट, सराहनीय एवं कर्तव्यनिष्ठ कार्य करने वाले धमतरी पुलिस के 16 अधिकारी-कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने पुलिस कार्यालय में प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित पुलिसकर्मियों में अपराध नियंत्रण, सूचना संकलन, कार्यालयीन कार्य, सुरक्षित वाहन संचालन, रक्तदान तथा खेल प्रतिभा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
एसपी श्रीमती भावना पांडेय ने कहा कि प्रत्येक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी का समर्पित और जिम्मेदारीपूर्ण कार्य कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा आमजन की सुरक्षा एवं सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने से उनका मनोबल बढ़ता है और अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
सम्मानित पुलिसकर्मियों में आरक्षक अनुराग पाण्डेय को थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में संदिग्धों की चेकिंग में उत्कृष्ट कार्य के लिए, प्रधान आरक्षक उमाकांत साहू एवं आरक्षक फलेश साहू को कार्यालयीन कार्यों के बेहतर संपादन तथा आरक्षक चालक छोटेलाल साहू को सतर्कतापूर्वक एवं सुरक्षित वाहन संचालन के लिए प्रशस्ति पत्र दिया गया।
इसी तरह प्रधान आरक्षक हरीश साहू, आरक्षक महेन्द्र सिन्हा, आरक्षक भागवत खांडेकर एवं महिला आरक्षक कलेश्वरी कुंजाम को सूचना संकलन एवं अपराध नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। आरक्षक शेख अलीमुद्दीन को समय-समय पर रक्तदान कर सामाजिक दायित्व निभाने के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
जिला विशेष शाखा में उत्कृष्ट कार्य के लिए उपनिरीक्षक प्रेमप्रसाद उपाध्याय एवं आरक्षक टिकेश्वर पटेल को तथा सूचना संकलन में बेहतर कार्य के लिए आरक्षक जीतेन्द्र कतलम एवं आरक्षक पुनम सोनवानी को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा 5वीं जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त करने पर निरीक्षक एवं थाना प्रभारी कुरूद अवध राम साहू, आरक्षक सुजय मंडल तथा आरक्षक शेख अलीमुद्दीन को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
एसपी श्रीमती भावना पांडेय ने सभी सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, सतर्कता एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि धमतरी पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को आगे भी निरंतर प्रोत्साहित करती रहेगी। इस अवसर पर पुलिस कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




