गंगरेल में जुटे 200 से अधिक स्टार्टअप फाउंडर्स और उद्यमी, नवाचार व नेटवर्किंग पर हुआ मंथन
फाउंडर्स मानसून रिट्रीट-2026 में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा—धमतरी में उद्यमिता के अनुकूल वातावरण तैयार करना प्रशासन की प्राथमिकता
उत्तम साहू
धमतरी, 16 अगस्त 2026। जिले में स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सुरम्य गैंगरेल जलाशय में “फाउंडर्स मानसून रिट्रीट-2026” का आयोजन किया गया। “एस्केप। एंगेज। एलीवेट।” थीम पर आयोजित इस एक दिवसीय कार्यक्रम में 200 से अधिक स्टार्टअप फाउंडर्स, उद्यमियों, मार्गदर्शकों और स्टार्टअप क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उद्यमिता, नवाचार, निवेश, बाजार विस्तार और नेटवर्किंग जैसे विषयों पर सार्थक मंथन हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन धमतरी के तत्वावधान में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र तथा वाणिज्य एवं उद्योग विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा टीआईई रायपुर के सहयोग से किया गया। इसका उद्देश्य उद्यमियों को साझा मंच उपलब्ध कराना, अनुभवों का आदान-प्रदान कराना तथा युवाओं और स्टार्टअप संस्थापकों को नए अवसरों से जोड़ना रहा।
स्थानीय संसाधनों और प्रतिभा को उद्यमिता से जोड़ने पर जोर
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, आईएएस ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि धमतरी में युवाओं की प्रतिभा, स्थानीय संसाधनों और नवाचार की क्षमता को उद्यमिता से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप संस्कृति को केवल नए व्यवसाय शुरू करने तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि स्थानीय जरूरतों और संसाधनों पर आधारित नवाचार को भी बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
कलेक्टर ने कहा कि कृषि एवं कृषि आधारित प्रसंस्करण, पर्यटन, जल आधारित गतिविधियों, स्थानीय उत्पाद, खाद्य प्रसंस्करण, डिजिटल तकनीक और सेवा क्षेत्र में युवाओं के लिए उद्यमिता की व्यापक संभावनाएं हैं। प्रशासन युवाओं को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन, विशेषज्ञों से संवाद, संस्थागत सहयोग और बाजार से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि उद्यमिता के अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए सरकारी विभागों, उद्योग जगत, स्टार्टअप संस्थापकों, वित्तीय संस्थाओं, प्रशिक्षण संस्थानों और अनुभवी उद्यमियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय युवाओं को अनुभवी फाउंडर्स और विशेषज्ञों के साथ सीधे संवाद का अवसर मिलता है।
‘स्टार्टअप इंडिया’ पर विशेष सत्र
कार्यक्रम में “स्टार्टअप इंडिया पारिस्थितिकी तंत्र एवं संस्थापकों के लिए अवसर” विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें संजीव सिंह, आईएएस (आईआरएस, 1993 बैच), संयुक्त सचिव, डीपीआईआईटी, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार ने स्टार्टअप संस्थापकों से संवाद किया।
उन्होंने ‘स्टार्टअप इंडिया’ के अंतर्गत उपलब्ध नीतिगत सहयोग, वित्त पोषण के अवसरों और उद्यमियों के लिए उपलब्ध विभिन्न संभावनाओं की जानकारी दी। प्रतिभागियों ने अपने स्टार्टअप और व्यवसाय से जुड़े विषयों पर भी सवाल पूछे और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
अनुभवी उद्यमियों ने साझा की सफलता की कहानी
कार्यक्रम में ‘संस्थापकों की कहानियां’ विषय पर चार विशेष सत्र आयोजित किए गए। विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी उद्यमियों ने अपने व्यावसायिक सफर, संघर्ष, चुनौतियों, निर्णय प्रक्रिया और सफलता से जुड़ी महत्वपूर्ण सीख प्रतिभागियों के साथ साझा की।
इसके अलावा प्रारंभिक चरण के स्टार्टअप के लिए व्यावहारिक कृत्रिम बुद्धिमत्ता, छत्तीसगढ़ स्टार्टअप नीति 2025-30, बस्तर एवं कृषि आधारित स्टार्टअप के लिए लाभ एवं प्रोत्साहन, उत्पाद से बाजार तक की रणनीति, बाजार में प्रवेश, सोशल मीडिया पर प्रभावी पहचान निर्माण तथा कानूनी एवं अनुपालन संबंधी विषयों पर भी ज्ञानवर्धक सत्र आयोजित किए गए।
गंगरेल की प्राकृतिक सुंदरता के बीच नेटवर्किंग
कार्यक्रम में औपचारिक सत्रों के साथ अनौपचारिक संवाद और नेटवर्किंग को भी विशेष महत्व दिया गया। संस्थापकों के लिए इनडोर चुनौती, परिचय चक्र और विभिन्न संस्थापक-केंद्रित गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम के समापन पर समूह छायाचित्र और धन्यवाद ज्ञापन के बाद गैंगरेल जलाशय में नौका भ्रमण एवं मुक्त संवाद सत्र आयोजित किया गया। प्राकृतिक वातावरण के बीच हुए इस संवाद ने उद्यमियों को नए संपर्क विकसित करने और अपने विचार साझा करने का अवसर दिया।
धमतरी में स्टार्टअप के लिए संभावनाओं को मिलेगा विस्तार
फाउंडर्स मानसून रिट्रीट-2026 ने धमतरी को प्रदेश के व्यापक स्टार्टअप नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कृषि, पर्यटन, जल संसाधन, खाद्य प्रसंस्करण, स्थानीय उत्पाद और डिजिटल तकनीक जैसे क्षेत्रों में नवाचार की संभावनाओं को देखते हुए जिले के युवाओं के लिए नए उद्यम खड़े करने के अवसर बढ़ रहे हैं।
जिला प्रशासन का उद्देश्य स्थानीय संसाधनों, स्थानीय प्रतिभा और आधुनिक तकनीक के समन्वय से ऐसे उद्यमों को प्रोत्साहित करना है, जो रोजगार सृजन के साथ जिले की अर्थव्यवस्था को भी गति दे सकें। कार्यक्रम में शामिल उद्यमियों और विशेषज्ञों के संवाद से धमतरी में नवाचार एवं उद्यमिता के लिए मजबूत नेटवर्क तैयार करने की दिशा में नई संभावनाएं सामने आईं।





