रामलला के दर्शन को नगरी से 31 श्रद्धालुओं का दल अयोध्या रवाना
अयोध्या धाम में रामलला और काशी में बाबा विश्वनाथ के करेंगे दर्शन
उत्तम साहू
नगरी। जनपद पंचायत नगरी क्षेत्र से 31 श्रद्धालुओं का दल रामलला अयोध्या धाम एवं काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए रवाना हुआ। इनमें जनपद पंचायत नगरी क्षेत्र के 24, नगर पंचायत नगरी के 6 श्रद्धालु तथा जनपद पंचायत का एक कर्मचारी शामिल है।
श्रद्धालुओं के रवाना होने के अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सभी यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। यात्रा के शुभारंभ के दौरान श्रद्धालुओं ने “जय श्रीराम” एवं “हर-हर महादेव” के जयघोष किए।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु अयोध्या धाम पहुंचकर प्रभु श्रीराम के बाल स्वरूप रामलला के दर्शन करेंगे। इसके बाद काशी पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। धार्मिक यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह और श्रद्धा का माहौल रहा।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष महेश गोटा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष हृदय साहू, जिला पंचायत सभापति अजय ध्रुव, भाजपा मंडल प्रभारी मोहन नाहटा, नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष नागेन्द्र शुक्ला, पार्षद चेलेश्वरी साहू, सरपंच नगीना सोम, मुख्य कार्यपालन अधिकारी नारद राम मांझी सहित जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं यात्रीगण उपस्थित रहे।
क्षेत्रवासियों ने सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सुखद, सुरक्षित एवं सफल होने की कामना करते हुए उनके सकुशल लौटने की प्रार्थना की।

