खमरिया नहर में बहता मिला 35 वर्षीय ग्रामीण का शव, सुबह खेत जाने निकला था रायसिंह
उत्तम साहू
नगरी। सोमवार सुबह नगरी क्षेत्र के ग्राम सांकरा में उस समय सनसनी फैल गई, जब खमरिया नहर में एक ग्रामीण का शव बहता हुआ दिखाई दिया। नहर में शव मिलने की खबर आग की तरह गांव में फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही सिहावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया।
मृतक की पहचान कोड़मुड़ पारा, सांकरा निवासी रायसिंह नेताम पिता सुबेलाल नेताम (लगभग 35 वर्ष) के रूप में की गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रायसिंह नेताम सोमवार सुबह अपने खेत की ओर जाने के लिए घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि नहर के समीप पहुंचने के दौरान उन्हें अचानक मिर्गी का दौरा पड़ा, जिससे वे नहर में गिर गए। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण वे पानी में बह गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।
कुछ समय बाद नहर में शव बहता देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। ग्रामीणों ने तत्काल सिहावा पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
सिहावा पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और रायसिंह के नहर में गिरने की परिस्थितियों सहित घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

