शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो युवक पर चाकू से हमला, बीच-बचाव करने आई बहन से भी मारपीट
सिटी कोतवाली पुलिस की सख्त कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार; घटना में प्रयुक्त 10.5 इंच का चाकू जब्त
धमतरी। शराब पीने के लिए पैसे मांगने से इनकार करने पर एक युवक पर धारदार चाकू से हमला करने और बीच-बचाव करने पहुंची उसकी बहन के साथ मारपीट करने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस ने चाकूबाजी एवं मारपीट के मामले में आरोपी कृष भारती पिता शक्ति भारती, उम्र 20 वर्ष, निवासी महंत घासीदास वार्ड, जालमपुर धमतरी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 28 अगस्त 2026 की है। प्रार्थी अभिषेक बंजारे मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान जालमपुर मिडिल स्कूल के पास आरोपी कृष भारती ने उसका रास्ता रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसे मांगे।
प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और धारदार चाकू से हमला कर उसे चोट पहुंचाई। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची प्रार्थी की बहन शारदा टेकाम के साथ भी आरोपी ने धक्का-मुक्की एवं मारपीट की।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 209/2026 के तहत बीएनएस की धारा 119, 296, 118(1) एवं 351(2) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार करते हुए वारदात में प्रयुक्त स्टील का धारदार चाकू पुलिस के समक्ष पेश किया। पुलिस ने चाकू को विधिवत जब्त कर लिया। जब्त चाकू की कुल लंबाई 10.5 इंच बताई गई है। हथियार बरामद होने के बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 भी जोड़ी गई।
पुलिस ने आरोपी कृष भारती को 30 अगस्त 2026 को दोपहर 1:15 बजे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 12 सितंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

