फर्जी तबादला आदेश मामला: बीजेपी के जिला महामंत्री व उपाध्यक्ष समेत 4 गिरफ्तार, पार्टी ने पदों से हटाया
बलौदाबाजार / पलारी छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में फर्जी स्थानांतरण आदेश (Transfer Order) तैयार कर उसका इस्तेमाल करने के गंभीर मामले में पलारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीजेपी जिला महामंत्री और उपाध्यक्ष समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले के तूल पकड़ते ही भारतीय जनता पार्टी ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नेताओं को उनके पदों से निष्कासित कर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग के जाली आदेश से खुला मामला
पूरा मामला रोहांसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में पदस्थ ग्रामीण चिकित्सा सहायक (RMA) करण कुमार देवांगन के स्थानांतरण से जुड़ा है। रोहांसी PHC से मोपरा PHC में तबादले के लिए एक आदेश तैयार किया गया था। 17 अगस्त को इस फर्जी आदेश की एक प्रति व्हाट्सएप के जरिए स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय पहुंची।
जब विभाग द्वारा दस्तावेज की विभागीय जांच कराई गई, तो पता चला कि आदेश पूरी तरह फर्जी है और उस पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. राजेश अवस्थी के जाली हस्ताक्षर किए गए थे। फर्जीवाड़े की पुष्टि होते ही खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) डॉ. पंकज वर्मा की शिकायत पर पलारी थाने में मामला दर्ज किया गया।
1 लाख रुपये में हुआ था फर्जीवाड़े का सौदा
पुलिस जांच में पता चला कि RMA करण कुमार देवांगन ने अपना तबादला कराने के लिए आरोपियों से संपर्क साधा था। इस सौदे में कसडोल के RMA रवि सेन ने बिचौलिए की भूमिका निभाते हुए करण की मुलाकात भाजपा नेताओं से कराई थी।
गिरौदपुरी के पूर्व सरपंच व बीजेपी जिला उपाध्यक्ष पुनी राम पटेल ने ट्रांसफर कराने का आश्वासन दिया और करण की मुलाकात बीजेपी जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी से कराई। इसके एवज में 1 लाख रुपये की मांग की गई और ऑनलाइन भुगतान लिया गया। इसके बाद CMHO के फर्जी हस्ताक्षर वाला आदेश तैयार कर व्हाट्सएप पर भेजा गया था।
गिरफ्तार आरोपी:
- कृष्णा अवस्थी – बीजेपी जिला महामंत्री
- पुनी राम पटेल – बीजेपी जिला उपाध्यक्ष व पूर्व सरपंच (गिरौदपुरी)
- करण कुमार देवांगन – RMA, रोहांसी
- रवि सेन – RMA, कसडोल
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर गिरी गाज
मामले में भाजपा नेताओं की संलिप्तता और गिरफ्तारी की खबर आते ही संगठन में हड़कंप मच गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी और जिला उपाध्यक्ष पुनी राम पटेल को पार्टी के पदों से हटा दिया गया है।
सख्त धाराओं में मामला दर्ज, 3 सदस्यीय जांच टीम गठित
SP गौरव राय के निर्देश पर पलारी थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336(3), 337, 338, 340(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया है।
उधर, CMHO डॉ. राजेश अवस्थी ने बताया कि फर्जी हस्ताक्षर मामले में विभागीय जांच के लिए 3 सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश में जुटी है कि फर्जी दस्तावेज बनाने और जाली सील-दस्तखत तैयार करने में और कौन-कौन से लोग शामिल हैं।

