बुडेनी में आयुष स्वास्थ्य शिविर, 540 मरीजों का हुआ उपचार
223 बच्चों को पिलाई गई स्वर्ण प्राशन ड्रॉप, मौसमी बीमारियों से बचाव और ऋतुचर्या की दी गई जानकारी
उत्तम साहू,मगरलोड। ग्राम बुडेनी में एक दिवसीय आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर पूर्व जनपद अध्यक्ष श्री श्यामलाल साहू, ग्राम सरपंच श्री सोमूराम साहू, उपसरपंच श्री वृंदा निषाद, सचिव श्री छबिलाल निषाद सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
शिविर में आयुर्वेद एवं होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के माध्यम से मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार एवं आवश्यक परामर्श दिया गया। आयुर्वेद पद्धति से 358 तथा होम्योपैथी पद्धति से 182 मरीजों का उपचार किया गया। इस प्रकार शिविर में कुल 540 मरीज लाभान्वित हुए।
223 बच्चों को मिला स्वर्ण प्राशन का लाभ
शिविर में 0 से 16 वर्ष तक के बच्चों के लिए विशेष स्वर्ण प्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके तहत 223 बच्चों को स्वर्ण प्राशन ड्रॉप पिलाई गई। चिकित्सकों ने बच्चों के स्वास्थ्य एवं मौसमी बीमारियों से बचाव के संबंध में अभिभावकों को आवश्यक जानकारी भी दी।
ऋतुचर्या और स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर
शिविर में पहुंचे ग्रामीणों एवं लाभार्थियों को बदलते मौसम में होने वाली मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए। चिकित्सकों ने उचित खान-पान, दिनचर्या, आहार-विहार और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी देते हुए ऋतुचर्या का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में श्रीमती ओम कुमारी निषाद, श्रीमती जागेश्वरी निषाद, श्री तिलक निषाद, श्री तुलाराम साहू, श्री श्यामलाल जोशी, श्री टिकेश्वर साहू, श्री दीपक जोशी, श्रीमती कुंती महिवार (प्रधान पाठक), श्रीमती वंदना साहू एवं श्री उत्तम निषाद सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
शिविर का आयोजन जिला आयुष अधिकारी डॉ. कृपा राम ठाकुर के निर्देशन तथा शिविर प्रभारी डॉ. खिलेश साहू के नेतृत्व में किया गया। सफल आयोजन में आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।




