कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल मगरलोड में 59 छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिल
सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत एससी, एसटी, ओबीसी एवं विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को किया गया साइकिल वितरण
उत्तम साहू मगरलोड, 10 अगस्त 2026। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मगरलोड में सोमवार को सरस्वती निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत कक्षा नवमीं में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों को साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान कुल 59 विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान की गई, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा।
वितरित की गई साइकिलों में अनुसूचित जाति वर्ग के 2, अनुसूचित जनजाति वर्ग के 45, अन्य पिछड़ा वर्ग के 9 तथा विशेष पिछड़ी जनजाति कमार वर्ग के 3 विद्यार्थियों को लाभ मिला। योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उनकी विद्यालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना और शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम में नगर पंचायत मगरलोड के पूर्व अध्यक्ष सुरेश साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि साइकिल का उपयोग नियमित रूप से विद्यालय आने-जाने के लिए करें और अपनी पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित विद्यालय आने तथा अपनी उपस्थिति बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
नगर पंचायत मगरलोड के वर्तमान अध्यक्ष लिलेश सुरेश साहू ने साइकिल प्राप्त करने वाली छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद हिरवानी ठाकुर ने एससी, एसटी, ओबीसी एवं विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को योजना का लाभ मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मोहनलाल चक्रधारी ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए कहा कि शासन द्वारा प्रदान की गई साइकिल का उपयोग शिक्षा के लिए करें और नियमित रूप से विद्यालय पहुंचकर अपनी पढ़ाई को बेहतर बनाएं।
इस अवसर पर पूर्व एसएमडीसी अध्यक्ष झमित सिंहा, विदम चौहान, ओंकार सिंह सोनी, नगर पंचायत मगरलोड के पार्षद यादराम गायकवाड, सत्यनारायण साहू, ईश्वर साहू एवं घनश्याम साहू, पालक सदस्य नरेंद्र कुमार सिंहा, दुर्गा साहू एवं धनपत राम शोरी, संस्था के प्राचार्य पनेश कुमार सेन सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
साइकिल मिलने से विद्यार्थियों ने खुशी जाहिर करते हुए शासन की इस योजना को शिक्षा के लिए उपयोगी बताया।


