हरेली पर्व पर अवैध शराब के खिलाफ भखारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार

0

 

हरेली पर्व पर अवैध शराब के खिलाफ भखारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार

कोपेडीह में अलग-अलग स्थानों पर दबिश, 62.700 लीटर अवैध शराब और बिक्री रकम सहित 7,640 की संपत्ति जब्त




उत्तम साहू,धमतरी, 12 अगस्त 2026। हरेली पर्व के दौरान अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने धमतरी पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में भखारा पुलिस ने ग्राम कोपेडीह में अलग-अलग टीमों के माध्यम से ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अवैध महुआ शराब बनाने और बेचने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस टीमों ने ग्राम कोपेडीह के विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर चार आरोपियों के कब्जे से हाथ भट्टी से निर्मित कुल 60 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की। वहीं एक अन्य कार्रवाई में 15 पौवा देशी प्लेन शराब, कुल 2.700 लीटर, तथा बिक्री रकम 440 रुपये जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार पांचों प्रकरणों में कुल 62.700 लीटर अवैध शराब, जिसकी कीमत करीब 7,200 रुपये, तथा 440 रुपये बिक्री रकम सहित कुल 7,640 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

चार आरोपियों से 60 लीटर महुआ शराब जब्त

भखारा पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए। इनमें सकून खूंटे के कब्जे से 10 लीटर, सोनउराम देशलहरे से 20 लीटर, ईश्वरी बाई बांधे से 10 लीटर और देवचंद बंजारे से 20 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब बरामद की गई।

देशी शराब बिक्री करते युवक भी पकड़ा गया

पांचवीं कार्रवाई में जोरातराई सी निवासी 22 वर्षीय यनिष कुमार साहू को देशी शराब बिक्री करते पकड़ा गया। उसके कब्जे से 180 एमएल वाले 15 पौवा देशी प्लेन शराब, कुल 2.700 लीटर, कीमत 1,200 रुपये तथा 440 रुपये बिक्री रकम बरामद की गई। उसके विरुद्ध धारा 34(1) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

त्योहार के दौरान विशेष निगरानी

हरेली पर्व को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत भखारा पुलिस ने सूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए अलग-अलग टीमों का गठन कर कोपेडीह में एक साथ कार्रवाई की।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों की आड़ में अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए ऐसे मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई करने की बात कही है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !