धमतरी..राखी की थाल सजने से पहले बुझ गया घर का चिराग: ट्रैक्टर की चपेट में आने से 6 साल के मासूम की मौत,
धमतरी/कुरुद। रक्षाबंधन का त्योहार जिस घर में भाई-बहन के प्रेम और खुशियों का संदेश लेकर आया था, वहां एक दर्दनाक हादसे ने मातम पसरा दिया। बहनें जहां अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधने की तैयारी कर रही थीं, वहीं ग्राम नारी में करीब छह वर्षीय मासूम फणीश सोनी की सड़क हादसे में मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार कुरुद थाना क्षेत्र के ग्राम नारी में शुक्रवार को रेत से भरे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से फणीश सोनी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। रक्षाबंधन के दिन हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
मासूम की मौत के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने हादसे के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया।
बताया जा रहा है कि करीब तीन घंटे से सड़क पर आवागमन बाधित है। चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही।
अवैध रेत परिवहन पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में रेत से भरे वाहनों का तेज रफ्तार में लगातार आवागमन हो रहा है। कथित अवैध रेत परिवहन को लेकर ग्रामीणों में पहले से नाराजगी है। उनका कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही और तेज रफ्तार के कारण सड़क पर दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
ग्रामीणों ने रेत परिवहन पर तत्काल रोक लगाने, हादसे की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मौके पर पहुंची पुलिस, समझाइश का दौर जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभालने का प्रयास शुरू किया। पुलिस अधिकारियों द्वारा आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने तथा चक्काजाम समाप्त कराने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के वास्तविक कारणों और ट्रैक्टर चालक की भूमिका को लेकर जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

