नगरी..सावन की विदाई पर डिहीपारा में गूंजी ‘बोल बम’ की सेवा भावना
कांवड़ यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं ने लगाया भंडारा, राहगीरों और भक्तों को कराया प्रसादी ग्रहण
उत्तम साहू,नगरी। सावन माह की विदाई के अवसर पर नगरी के वार्ड क्रमांक 01 डिहीपारा में आस्था, भक्ति और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। डिहीपारा के श्रद्धालुओं एवं बोल बम सेवा समिति द्वारा राजेश चोपड़ा की दुकान के सामने नगरी-धमतरी मुख्य मार्ग पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में मार्ग से गुजरने वाले श्रद्धालुओं, राहगीरों एवं आम नागरिकों को प्रेमपूर्वक खीर, पूरी सहित विभिन्न प्रकार की प्रसादी वितरित की गई।
डिहीपारा के श्रद्धालु प्रतिवर्ष सावन माह में भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हुए क्षेत्र के प्रसिद्ध कोटेश्वर धाम एवं कणेश्वर धाम तक कांवड़ यात्रा करते हैं। कांवड़ यात्रा के सफल समापन और सावन माह की विदाई के उपलक्ष्य में समिति द्वारा प्रतिवर्ष भंडारे का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सेवा कार्य में सहभागिता निभाई।
जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़ाया सेवा का उत्साह
भंडारे में नगर पंचायत नगरी के अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा भी शामिल हुए। उनके साथ पार्षद डागेश्वरी साहू, अंबिका ध्रुव, राजा पवार एवं योगेश साहू ने श्रद्धालुओं और राहगीरों को अपने हाथों से प्रसादी वितरित की। जनप्रतिनिधियों ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर नगरी नगर पंचायत की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली एवं निरंतर विकास की कामना की।
नगर पंचायत अध्यक्ष एवं पार्षदों के आयोजन स्थल पर पहुंचने पर बोल बम सेवा समिति और डिहीपारा वार्डवासियों ने आत्मीय स्वागत किया। भंडारे के दौरान पूरे मार्ग पर भक्तिमय वातावरण बना रहा और सेवा भाव से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।
सेवा में जुटा रहा पूरा परिवार
कार्यक्रम को सफल बनाने में राजेश चोपड़ा, कुणाल चोपड़ा, घनश्याम तिलक चोपड़ा, ज्ञानदीप, रतन, चमन, तारकेश्वर, हरीश यादव, सत्येन, मनीषा चोपड़ा, मोनिका, मुस्कान, चेतना, रत्ना, ललिमा, अंजलि, मनीषा यादव, जिज्ञासा, नंदिनी, कृति, तारिणी, कोमल, लता साहू, भुनेश्वरी साहू एवं ईश्वरी शर्मा सहित समिति के सदस्यों एवं वार्डवासियों का विशेष योगदान रहा।
सावन की अंतिम बेला में आयोजित इस भंडारे ने यह संदेश दिया कि धार्मिक आस्था केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं, बल्कि सेवा, सद्भाव और समाज के प्रति समर्पण में भी उसकी वास्तविक सार्थकता है। बोल बम सेवा समिति के इस आयोजन में भक्ति के साथ मानव सेवा की भावना भी पूरे उत्साह के साथ नजर आई।

