धमतरी में अवैध रेत परिवहन पर बड़ा सवाल: खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर उठी उंगली, 8 हाइवा जब्त

0

 

धमतरी में अवैध रेत परिवहन पर बड़ा सवाल: खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर उठी उंगली, 8 हाइवा जब्त

देर रात कांग्रेस के युवा नेताओं ने दानिटोला नहर नाका के पास रेत से भरे हाइवा रोककर किया प्रदर्शन, कार्रवाई के बाद शांत हुआ आक्रोश


उत्तम साहू 

धमतरी।
जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। मंगलवार की देर रात कांग्रेस के युवा नेताओं ने दानिटोला नहर नाका के पास रेत से भरे 8 हाइवा वाहनों को रोककर जमकर प्रदर्शन और हंगामा किया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद सभी 8 हाइवा वाहनों को कार्रवाई के लिए जब्त कर लिया गया। वाहनों की जब्ती के बाद प्रदर्शनकारियों का आक्रोश शांत हुआ।

कांग्रेस नेताओं ने जिले में चल रहे कथित अवैध रेत खनन और परिवहन को लेकर खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि लंबे समय से अवैध रेत परिवहन की शिकायतें सामने आ रही हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर खनिज विभाग की निगरानी व्यवस्था कहां है और लगातार हो रहे अवैध परिवहन पर अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा है?


भारी हाइवा से सड़कें बदहाल, राहगीर परेशान

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि रेत से लदे भारी-भरकम हाइवा वाहनों के लगातार आवागमन से जिले की कई सड़कों की हालत खराब हो रही है। जर्जर सड़कों के कारण आम राहगीरों और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं खराब सड़कों और भारी वाहनों की आवाजाही के चलते दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि रेत का परिवहन वैध है तो वाहनों के दस्तावेज, रॉयल्टी और परिवहन नियमों की जांच नियमित रूप से होनी चाहिए। वहीं यदि परिवहन अवैध है तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद कार्रवाई में कथित सुस्ती से अवैध रेत कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं।


खनिज विभाग पर उठे सवाल

इस पूरे मामले ने खनिज विभाग की निगरानी व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। जिले में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि विभाग केवल वाहनों की जब्ती तक कार्रवाई सीमित रखता है या अवैध खनन के पूरे नेटवर्क और इसके पीछे जिम्मेदार लोगों तक भी जांच पहुंचती है।

वहीं धमतरी तहसीलदार ने कहा है कि जब्त किए गए 8 हाइवा वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि अवैध रेत खनन और परिवहन पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई तथा जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

अब सवाल सिर्फ 8 हाइवा की जब्ती का नहीं, बल्कि यह है कि आखिर धमतरी जिले में अवैध रेत परिवहन पर स्थायी रोक कब लगेगी और इसकी जिम्मेदारी तय कौन करेगा? खनिज विभाग की आगामी कार्रवाई पर अब लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !