नगरी..वार्ड 14 और 15 में शिशु संरक्षण अभियान, बच्चों को पिलाई गई विटामिन-ए की खुराक
उत्तम साहू,नगरी। नगर पंचायत नगरी के वार्ड क्रमांक 14 एवं 15 स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में शिशु संरक्षण अभियान के तहत स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वार्ड के पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष हरीश साहू ने बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
अभियान के दौरान 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को आयरन फोलिक एसिड सिरप तथा 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक दी गई। इसके साथ ही बच्चों में कुपोषण की पहचान, हीमोग्लोबिन जांच, नियमित टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की जांच, शिशुवती माताओं की जांच तथा एनसीडी कार्यक्रम के तहत आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उपस्थित अभिभावकों को बच्चों के पोषण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के संबंध में आवश्यक जानकारी और सलाह दी। साथ ही बच्चों के समुचित विकास के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच एवं पोषण आहार के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष हरीश साहू, आरएचओ नीरेन्द्र साहू एवं राजकुमारी गायकवाड़, सीएचओ वीणा साहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ललिता गौर, सहायिका खेमिन साहू, मितानिन खिलेश्वरी साहू एवं वेदमती पुजारी सहित वार्ड के समस्त वार्डवासी उपस्थित रहे।
शिशु संरक्षण अभियान के माध्यम से बच्चों को आवश्यक पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

