युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी : कलेक्टर अबिनाश मिश्रा
एक सप्ताह का विशेष नशामुक्ति अभियान शुरू होगा, 100 सप्ताह तक जिलेभर में चलेंगी जनजागरूकता गतिविधियां
उत्तम साहू,धमतरी, 6 अगस्त। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने सामाजिक, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं से इस जनअभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से धमतरी को स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त जिला बनाया जा सकता है।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित नशामुक्ति अभियान की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर ने अभियान की रूपरेखा तय की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "नशामुक्त भारत" के आह्वान के अनुरूप जिले में एक सप्ताह का विशेष नशामुक्ति अभियान चलाया जाएगा, जिसमें विभिन्न समाज और संस्थाएं अपने स्तर पर सात दिवसीय जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेंगी।
कलेक्टर मिश्रा ने बताया कि "विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा" अभियान के तहत जिले में आगामी 100 सप्ताह तक लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, महिला एवं युवा समूहों तथा स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से नियमित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि नशामुक्ति का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक रविवार को विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही सोशल मीडिया और अन्य जनसंपर्क माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। स्कूल एवं कॉलेजों में चित्रकला, निबंध, भाषण, रैली, वॉल पेंटिंग, नुक्कड़ नाटक, योग, सेल्फ डिफेंस, मोबाइल एडिक्शन जागरूकता और परामर्श सत्र जैसी गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाएगा।
बैठक में कलेक्टर ने आर्ट ऑफ लिविंग सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा व्यक्तित्व विकास, योग, ध्यान एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कबीर समाज द्वारा मगरलोड और बोरई क्षेत्र में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की भी प्रशंसा करते हुए अन्य संस्थाओं से ऐसे प्रयासों को और व्यापक बनाने की अपील की।
बैठक में जिला युवा अधिकारी श्रीमती श्रुति डोंगरे, समाज कल्याण विभाग, आयुष विभाग के अधिकारियों सहित विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने और सभी विभागों के समन्वय से प्रत्येक विकासखंड में प्रभावी गतिविधियां संचालित करने पर विस्तृत चर्चा की गई।

