विश्व आदिवासी दिवस से पहले स्वच्छता का संदेश, मंडी प्रांगण में जनप्रतिनिधियों ने चलाया सफाई अभियान
उत्तम साहू
नगरी। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त को नगरी के मंडी प्रांगण में आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम की तैयारियों के तहत नगर पंचायत नगरी ने स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए विशेष सफाई अभियान चलाया। अभियान में नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहभागिता निभाकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
सिहावा क्षेत्र के सर्व आदिवासी समाज द्वारा 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस उत्साह, गौरव और सामाजिक एकजुटता के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम स्थल मंडी प्रांगण को व्यवस्थित और स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से नगर पंचायत की टीम ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान मंडी परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में सफाई की गई तथा कचरा हटाकर पूरे परिसर को कार्यक्रम के अनुरूप तैयार किया गया।
स्वच्छता अभियान के माध्यम से नगर पंचायत ने यह संदेश भी दिया कि किसी भी बड़े सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन की गरिमा बनाए रखने में स्वच्छ वातावरण की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने लोगों से भी सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा कचरा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, पार्षद राजा पवार, देवचरण ध्रुव, मिकी गुप्ता, नरेश पटेल, चेलेश्वरी साहू, जयंती टुकेश्वरी साहू, अश्वनी निषाद, अंबिका ध्रुव, शंकरदेव, एल्डरमैन दुर्गा प्रजापति, गौरव तिवारी सहित नगर पंचायत के कर्मचारी गणेश प्रजापति, दुर्गेश साहू, राजेंद्र साहू, पुष्कर पाटील, कमल नारायण सिन्हा एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वच्छ नगरी, सुंदर नगरी—स्वच्छता से ही आयोजन की असली गरिमा।


