अकादमिक कार्यक्रमों की प्रभावी क्रियान्विति से विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि में होगा सुधार
वार्षिक अकादमिक एवं विद्यालयीन कार्यक्रमों की कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने की समीक्षा, आगामी सत्र की कार्ययोजना पर हुई चर्चा
उत्तम साहू,धमतरी, 20 अगस्त 2026। जिले में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि को बेहतर बनाने और अकादमिक गतिविधियों को परिणामोन्मुख बनाने की दिशा में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कलेक्टर कार्यालय में वार्षिक अकादमिक एवं विद्यालयीन कार्यक्रमों की समीक्षा की। बैठक में आगामी शैक्षणिक सत्र की कार्ययोजना, विद्यार्थियों के प्रदर्शन में सुधार तथा विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में मिशन अव्वल, कक्षा 10वीं एवं 12वीं की मासिक और बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम, कक्षा 5वीं एवं 8वीं के शैक्षणिक कार्यक्रम, जेईई, नीट, राष्ट्रीय मीन्स-कम-मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएस), मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता (एफएलएन) सहित विभिन्न अकादमिक गतिविधियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने पिछले सत्र की उपलब्धियों, विद्यार्थियों के प्रदर्शन और सामने आई चुनौतियों की जानकारी दी। आगामी सत्र में शैक्षणिक परिणामों में गुणात्मक सुधार के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।
जेईई-नीट की तैयारी पर भी जोर
जेईई एवं नीट की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) प्रणाली से आयोजित अभ्यास परीक्षणों में अधिकाधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास, विषयवार तैयारी, समय प्रबंधन और निरंतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
कमजोर क्षेत्रों की पहचान कर समयबद्ध सुधार के निर्देश
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का निरंतर आकलन किया जाए और कमजोर क्षेत्रों की पहचान कर समयबद्ध सुधारात्मक प्रयास किए जाएं। उन्होंने विद्यालयों में संचालित अकादमिक गतिविधियों को परिणामोन्मुख बनाने, विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने तथा शिक्षकों एवं संबंधित टीमों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को उसकी क्षमता के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आवश्यक मार्गदर्शन और बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। कलेक्टर ने संचालित अकादमिक कार्यक्रमों में संबंधित टीमों के प्रयासों की सराहना करते हुए आगामी सत्र में नवाचार, नियमित निगरानी और बेहतर परिणाम के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए।
बैठक में समग्र शिक्षा के अतिरिक्त परियोजना समन्वयक श्री प्रवीण साहू, अतिरिक्त परियोजना समन्वयक श्री अजय कुमार पांडे तथा ओपन लिंक फाउंडेशन (विनोबा टीम) से श्री विश्वजीत पवार, श्री जितेंद्र सिंह एवं सुश्री हरनी सिन्हा उपस्थित रहे।

