संबलपुर की बाड़ी में अचानक पहुंचा भालू, सुबह-सुबह मचा हड़कंप

0

 

संबलपुर की बाड़ी में अचानक पहुंचा भालू, सुबह-सुबह मचा हड़कंप


प्रतीकात्मक फोटो 

उत्तम साहू नगरी, 20 अगस्त 2026। सिहावा-नगरी के वनांचल गांवों में वन्यप्राणियों की आवाजाही इन दिनों ग्रामीणों के लिए चिंता का सबब बनी हुई है। तेंदुए के बाद अब नगरी वन परिक्षेत्र के संबलपुर गांव में भालू के पहुंचने से सुबह-सुबह हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार तड़के भालू ग्रामीण तोरण नाग की बाड़ी में जा घुसा। सुबह घर के एक सदस्य ने जैसे ही दरवाजा खोला, सामने बाड़ी में भालू को देखकर उसके होश उड़ गए। आनन-फानन में इसकी सूचना वन विभाग को दी गई।

सूचना मिलते ही डिप्टी रेंजर ओमप्रकाश चंदनिया के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद भालू को सुरक्षित तरीके से बाड़ी से बाहर निकाला गया। इसके बाद भालू जंगल की ओर चला गया, तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

वन विभाग ने गांव में कराई मुनादी

संबलपुर और आसपास के इलाकों में वन्यप्राणियों की लगातार मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। गांव में मुनादी कराकर लोगों से अनावश्यक रूप से जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में नहीं जाने तथा वन्यप्राणियों से दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है।

बताया जा रहा है कि भोजन और पानी की तलाश में भालू जंगल से आबादी क्षेत्र तक पहुंचा होगा। सिहावा-नगरी क्षेत्र के अधिकांश गांव घने जंगलों और पहाड़ियों से घिरे हैं, जो तेंदुआ, भालू सहित अन्य वन्यप्राणियों के प्राकृतिक रहवास के लिए अनुकूल माने जाते हैं।

लगातार गांवों के आसपास वन्यप्राणियों की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हालांकि वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से संबलपुर में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और भालू को सुरक्षित जंगल की ओर रवाना कर दिया गया।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !