सजग विद्यार्थी, सुरक्षित समाज: देमार हाई स्कूल में धमतरी पुलिस का जागरूकता अभियान
नशामुक्ति, यातायात, राहवीर योजना और साइबर सुरक्षा पर विद्यार्थियों को किया गया जागरूक
उत्तम साहू,धमतरी, 7 अगस्त 2026। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस की यातायात शाखा द्वारा ग्राम देमार स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नशामुक्ति, यातायात सुरक्षा, राहवीर (गुड समैरिटन) योजना एवं साइबर अपराध से बचाव विषय पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, सड़क सुरक्षा के नियम, साइबर ठगी से बचाव के उपाय तथा सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की समय पर सहायता करने के महत्व की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक नागरिक बनने और अपने परिवार व समाज तक भी सुरक्षा एवं नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने की अपील की।
नशे से दूर रहने का दिया संदेश
पुलिस ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया।
यातायात नियमों के पालन पर दिया जोर
कार्यक्रम में हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, तेज गति से वाहन न चलाने, मोबाइल का उपयोग करते हुए वाहन न चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा नाबालिगों को वाहन नहीं देने जैसे महत्वपूर्ण यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
राहवीर योजना की जानकारी
विद्यार्थियों को राहवीर (गुड समैरिटन) योजना के बारे में बताते हुए सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में आम नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराया गया और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया गया।
साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए
पुलिस अधिकारियों ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी कॉल और सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराधों के बारे में जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को ओटीपी, पिन, पासवर्ड और बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य देवनाथ साहू, यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक खेमराज साहू, आरक्षक राजीव साहू, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
धमतरी पुलिस ने बताया कि जिले के स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि नशामुक्त, सुरक्षित और साइबर अपराध मुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।


