नगरी में शान से लहराया तिरंगा, आजादी के जश्न में डूबे नगरवासी
शासकीय कार्यालयों में हुआ ध्वजारोहण, श्रृंगी ऋषि हाईस्कूल में आयोजित मुख्य समारोह में जनपद अध्यक्ष महेश गोटा ने फहराया तिरंगा
छात्र-छात्राओं ने दी देशभक्ति और लोक संस्कृति से ओतप्रोत रंगारंग प्रस्तुतियां
उत्तम साहू,नगरी, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगरी नगर सहित पूरे विकासखंड में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। आजादी के पर्व पर ब्लॉक मुख्यालय के विभिन्न शासकीय कार्यालयों में ध्वजारोहण किया गया तथा राष्ट्रध्वज को सलामी देकर स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। नगर की गलियों से लेकर मुख्य समारोह स्थल तक तिरंगे की शान और देशभक्ति का जज्बा नजर आया।
स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह श्रृंगी ऋषि हाईस्कूल नगरी में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत नगरी के अध्यक्ष महेश गोटा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी। पूरा परिसर भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
छात्र-छात्राओं ने बांधा समां
मुख्य समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, भारतीय संस्कृति और छत्तीसगढ़ी लोक परंपराओं से जुड़ी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्तर के विद्यार्थियों ने अलग-अलग विषयों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं।
प्राथमिक स्तर पर राइस मिल पारा नगरी, हनी बनी स्कूल नगरी तथा प्रायोगिक शाला के विद्यार्थियों ने ‘म्हारो प्यारो राजस्थान’ पर आकर्षक प्रस्तुति देकर राजस्थान की लोक संस्कृति और रंग-बिरंगे परिवेश को मंच पर जीवंत कर दिया।
माध्यमिक स्तर पर आनंद मार्ग नगरी, डिजिटल इंडिया दुर्गा चौक नगरी तथा कोटपारा नगरी के विद्यार्थियों ने ‘लहरा के तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ जैसे देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
हाईस्कूल स्तर पर कमार आवासीय स्कूल नगरी के विद्यार्थियों ने कमारी गीत की प्रस्तुति दी, वहीं सरस्वती शिशु मंदिर नगरी के विद्यार्थियों ने ‘वंदे मातरम्’ गीत पर मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया।
हायर सेकेंडरी स्तर पर पीएमश्री नगरी के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी लोकगीत प्रस्तुत कर स्थानीय संस्कृति की खूबसूरती को मंच पर उतारा। कन्या नगरी के छात्राओं ने ‘मां तेरे लिए’ गीत पर भावपूर्ण प्रस्तुति दी। वहीं महानदी एकेडमी के विद्यार्थियों ने ओड़िया फोक डांस ‘जामो डाली’ की शानदार प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में विविधता और सांस्कृतिक रंग भर दिया।
इसके अलावा दिव्यांग स्कूल नगरी के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत तथा डाइट नगरी के विद्यार्थियों ने लोकगीत की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। विद्यार्थियों की प्रतिभा और उत्साह को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जनपद पंचायत अध्यक्ष महेश गोटा, उपाध्यक्ष हृदय साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा, मंडल अध्यक्ष राजेश नाथ गोसाईं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व प्रीति दुर्गम, एसडीओपी विपीन रंगारी, तहसीलदार चुम्मन लाल ध्रुव, जनपद पंचायत सीईओ नारद मांझी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कली राम साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षिका श्रीमती सुमन गुप्ता एवं शिक्षक कैलाश सोन ने प्रभावी ढंग से किया। कार्यक्रम के अंत में एसडीएम प्रीति दुर्गम ने आभार प्रदर्शन करते हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह के समापन की घोषणा की।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान नगरीवासियों में देश के प्रति प्रेम, एकता और गौरव की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। तिरंगे की आन-बान-शान के बीच आयोजित इस समारोह ने नगर में स्वतंत्रता दिवस की खुशियों को और भी यादगार बना दिया।



