सिरकट्टी आश्रम आवासीय विद्यालय कुटेना में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

0

 

सिरकट्टी आश्रम आवासीय विद्यालय कुटेना में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस



उत्तम साहू 

कुटेना, पांडुका (गरियाबंद), 17 अगस्त 2026। सिरकट्टी आश्रम आवासीय विद्यालय कुटेना में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संत गोवर्धन शरण जी महाराज तथा विशेष आमंत्रित अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सदस्य श्री देव नारायण सिन्हा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के व्यवस्थापक एवं सचिव श्री भुनेश्वर साहू ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों के आकर्षक मार्चपास्ट से हुआ। इसके बाद अतिथियों एवं गणमान्यजनों ने राष्ट्रध्वज फहराया। विद्यार्थियों की विशेष टुकड़ी ने अनुशासित परेड प्रस्तुत की, जबकि अखाड़े के विद्यार्थियों ने अपने विभिन्न कौशल का शानदार प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में आश्रम के पूर्णकालिक कार्यकर्ता, संतजन, शिक्षक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में पालकगण मौजूद रहे।

सच्चे नागरिक बनना सबसे बड़ी जिम्मेदारी : संत गोवर्धन शरण



मुख्य अतिथि संत गोवर्धन शरण जी महाराज ने कहा कि जीवन में कुछ बनने से पहले एक अच्छा और सच्चा नागरिक बनना जरूरी है। देश के प्रति कर्तव्य, अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रभक्ति प्रत्येक नागरिक के जीवन का आधार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिरकट्टी आश्रम आवासीय विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कारवान एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।

शहीदों के बलिदान को सदैव याद रखें : देव नारायण सिन्हा



विशेष आमंत्रित अतिथि श्री देव नारायण सिन्हा ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी का पर्व हमें देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रसेवा को जीवन का लक्ष्य बनाने तथा देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।

पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त गांव का लिया संकल्प

संस्था के व्यवस्थापक एवं सचिव श्री भुनेश्वर साहू ने कहा कि भारत वीरों और संस्कारों की भूमि है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने, नशामुक्त गांव बनाने तथा गौ-गीता संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है।



इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गीत, कविता एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं पालकों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं, कविता, भाषण तथा विद्यालयीन परीक्षा में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सम्पूर्ण कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !