समाजसेवियों ने बेसहारा बुजुर्ग विक्षिप्त व्यक्ति को पहुंचाया अपना घर आश्रम
उत्तम साहू,नगरी। नगरी नगर के मेन रोड पर पिछले कुछ समय से एक बुजुर्ग मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति बेसहारा हालत में घूम रहा था। उसकी उम्र लगभग 65 वर्ष बताई जा रही है। बुजुर्ग की स्थिति को देखते हुए समाजसेवियों ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए उसे उचित उपचार एवं देखरेख के लिए रायपुर स्थित अपना घर आश्रम भेजने की पहल की।
समाजसेवी सुल्तानिया जी, अपना घर आश्रम रायपुर के अध्यक्ष श्री सन्नी छाजेड़, तीर्थराज साहू, सत्यम भट एवं खेमराज साहू के सहयोग से बुजुर्ग को सुरक्षित रूप से आश्रम पहुंचाया गया। अब आश्रम में उसका उचित इलाज, देखरेख और भरण-पोषण किया जाएगा।
समाजसेवियों ने बताया कि क्षेत्र में बेसहारा, मानसिक रूप से अस्वस्थ एवं घुमंतू लोगों की जानकारी मिलने पर उन्हें आश्रम तक पहुंचाने और उनके उपचार तथा भोजन की व्यवस्था कराने का कार्य निरंतर किया जाता है। इस पहल का उद्देश्य ऐसे लोगों को सड़क पर भटकने के बजाय सुरक्षित वातावरण में उपचार और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है।
समाजसेवियों की इस मानवीय पहल की नगरवासियों ने सराहना करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जरूरतमंद और बेसहारा लोगों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।


