घुटकेल में गरिमामय ढंग से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घुटकेल में देशभक्ति से सराबोर रहा आयोजन, विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
पत्रकार उत्तम साहू
नगरी/घुटकेल, 15 अगस्त 2026। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घुटकेल में स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। प्राथमिक, माध्यमिक शाला, छात्रावास, शिशु मंदिर एवं हाईस्कूल घुटकेल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राजेश निर्मलकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यालय के प्राचार्य ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। वहीं विशेष अतिथि के रूप में जनपद सदस्य सोनराज बट्टी, ग्राम पंचायत घुटकेल के सरपंच कुसुमलता समरथ, उपसरपंच संगीता जायसवाल, ग्राम पंचायत बोराई के सरपंच माखन लाल सलाम, ग्राम पंचायत मैनपुर के सरपंच सुरेंद्र कुमार नेताम, ग्राम पंचायत लिखमा की सरपंच राधा बाई नेताम सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत राष्ट्रध्वज फहराने एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, भाषण, कविता एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में देशप्रेम एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को और प्रबल किया।
आयोजन के दौरान विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं देश के वीर शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
समारोह में विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्रावास एवं शिशु मंदिर के स्टाफ, विद्यार्थियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से वातावरण देशभक्ति से गूंजता रहा।


