जिनियस पब्लिक स्कूल में हर्शोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
पत्रकारों के हाथों फहराया तिरंगा, विद्यार्थियों ने बिखेरी देशभक्ति की रंगत
उत्तम साहू,नगरी। जीनियस पब्लिक स्कूल, नगरी में स्वतंत्रता दिवस का पर्व इस बार एक खास संदेश और अनूठी परंपरा के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में क्षेत्र के पत्रकार बंधुओं ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी पत्रकारों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।
ध्वजारोहण के साथ ही पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। विद्यार्थियों ने देशप्रेम, त्याग और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया। गीत, नृत्य और आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में चार समूहों के बीच सांस्कृतिक प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रस्तुतियों के मूल्यांकन की जिम्मेदारी सुश्री एकता पचौरी एवं श्रीमती नारंग मैडम ने संभाली। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पृथ्वीराज ग्रुप ने प्रथम, अशोका ग्रुप ने द्वितीय और महाराणा ग्रुप ने तृतीय स्थान हासिल किया, जबकि शिवाजी ग्रुप चौथे स्थान पर रहा।
विद्यालय के प्राचार्य श्री सूरज सिंह नाग के मार्गदर्शन में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं प्रबंधन टीम के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री मोहन सोनी, श्री संतोष अगलावे एवं सुश्री ऐश्वर्या मैम ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनकी प्रतिभा, मेहनत और उत्साह की प्रशंसा की।
पत्रकारों के सम्मान की वर्षों पुरानी परंपरा
जीनियस पब्लिक स्कूल प्रबंधन ने बताया कि विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर क्षेत्र के पत्रकारों के हाथों ध्वजारोहण कराने की परंपरा लगातार कई वर्षों से निभाई जा रही है। संस्था के अनुसार यह पहल पत्रकारिता जगत के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ लोकतंत्र में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करने का माध्यम है।
देशभक्ति गीतों और विद्यार्थियों के उत्साह से गूंजते विद्यालय परिसर में कार्यक्रम का समापन हुआ। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करने के साथ ही शिक्षा, संस्कृति और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच आपसी सम्मान का संदेश भी दिया।

