भोथापारा स्कूल में केरेगांव पुलिस का जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को साइबर अपराध से लेकर सड़क सुरक्षा तक दी जानकारी
नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने और आपात स्थिति में डायल-112 का उपयोग करने किया जागरूक
उत्तम साहू
धमतरी, 8 अगस्त 2026। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में थाना केरेगांव पुलिस द्वारा शासकीय हाईस्कूल भोथापारा में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर अपराध, नशामुक्ति, यातायात सुरक्षा, महिला सुरक्षा, डायल-112, नए आपराधिक कानूनों और नागरिक अधिकारों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों से सतर्क रहने की समझाइश देते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और लिंक से सावधान रहने तथा OTP, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया का जिम्मेदारी और सावधानीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
नशे से दूर रहने और यातायात नियमों के पालन का संदेश
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार और समाज में भी नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। सड़क सुरक्षा के तहत हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने तथा नाबालिगों को वाहन नहीं देने जैसे महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई।
डायल-112 और नए कानूनों की दी जानकारी
पुलिस ने विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में डायल-112 के माध्यम से पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई। इसके साथ ही देश में लागू नए आपराधिक कानूनों के प्रमुख प्रावधानों तथा नागरिकों के अधिकारों के बारे में भी जानकारी दी गई।
महिला सुरक्षा और राहवीर योजना पर विशेष जोर
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा किसी भी अपराध की स्थिति में पुलिस से सहायता लेने के संबंध में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। वहीं सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद के लिए आगे आने और राहवीर योजना (Good Samaritan) के तहत आम नागरिकों की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों से जरूरतमंदों की मदद करने और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देने का आह्वान किया गया।
धमतरी पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों में लगातार ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन अभियानों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने, साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाने के साथ सुरक्षित और जिम्मेदार समाज के निर्माण की दिशा में प्रयास किया जा रहा है।

