भखारा मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन का समय निर्धारित
सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध, सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने बदली यातायात व्यवस्था
उत्तम साहू
धमतरी, 19 अगस्त 2026। जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और आम नागरिकों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए धमतरी-भखारा मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन का समय निर्धारित किया गया है। नई व्यवस्था के तहत सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक इस मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
निर्धारित समयावधि में धमतरी से भखारा होते हुए रायपुर तथा रायपुर से भखारा-धमतरी होकर अन्य स्थानों की ओर जाने वाले भारी वाहनों को भखारा मार्ग का उपयोग नहीं करना होगा। ऐसे वाहनों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) का उपयोग करना होगा। प्रशासन का मानना है कि इससे भखारा मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा और स्थानीय नागरिकों तथा छोटे वाहनों की आवाजाही अधिक सुरक्षित एवं सुगम हो सकेगी।
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिया गया निर्णय
बीते दिनों कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिले की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा आमजन की सुरक्षा के लिए विभिन्न उपायों पर चर्चा की गई थी। बैठक में कलेक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी को भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने तथा वाहन चालकों एवं नागरिकों को नई व्यवस्था की जानकारी देने के लिए प्रमुख स्थानों पर स्पष्ट साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए थे।
कलेक्टर के निर्देशों के परिपालन में जिला परिवहन विभाग द्वारा अर्जुन मोड़ (भखारा), खपरी उत्तर (बस्ती) और अटल चौक पर निर्धारित यातायात व्यवस्था से संबंधित साइन बोर्ड स्थापित कर दिए गए हैं।
कलेक्टर ने वाहन चालकों से की नियमों के पालन की अपील
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। यातायात व्यवस्था में किए जा रहे बदलावों का उद्देश्य आमजन की सुविधा के साथ सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित मार्ग एवं समय-सीमा का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की।
जिला प्रशासन ने नागरिकों और वाहन चालकों से यातायात संकेतकों एवं नियमों का पालन करने तथा निर्धारित समय में भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक राष्ट्रीय राजमार्ग का उपयोग करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि सभी के सहयोग से जिले में सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम यातायात व्यवस्था को प्रभावी रूप से सुनिश्चित किया जा सकेगा।

