कलेक्टर ने मगरलोड क्षेत्र में विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखी
आईटीआई, आर्मी प्रशिक्षण केंद्र, स्वास्थ्य संस्थान, औद्योगिक पार्क, रीपा और मशरूम केंद्र का किया निरीक्षण, अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के निर्देश
उत्तम साहू मगरलोड
धमतरी, 14 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने शुक्रवार को मगरलोड विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर विकास एवं निर्माण कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। मेघा से शुरू हुए प्रवास के दौरान उन्होंने कुंडेल, करेलीबड़ी, भेंडरी और मगरलोड में शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, खेल, रोजगार एवं ग्रामीण आजीविका से जुड़े कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने भेंडरी स्थित आईटीआई कॉलेज, रूरल पार्क, लाइब्रेरी एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इसके बाद कुंडेल और भेंडरी के आर्मी प्रशिक्षण केंद्रों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं एवं सैन्य भर्ती की तैयारी के लिए जिला प्रशासन द्वारा लाइब्रेरी और शौचालय जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इस वर्ष चार युवाओं का पैरा मिलिट्री में चयन हुआ है, जबकि अब तक 55 से अधिक युवा विभिन्न सैनिक केंद्रों में चयनित होकर सेवाएं दे चुके हैं।
कलेक्टर ने प्रशिक्षण केंद्र में पेड़ों को सुरक्षित रखते हुए आवश्यक विकास कार्य कराने तथा ट्रैक मैदान के समतलीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र से सेना में भर्ती हुए युवाओं संजय कुमार नेम और दीनदयाल कंवर से मुलाकात कर उनकी पदस्थापना एवं सेवा संबंधी जानकारी भी ली।
भेंडरी मिनी स्टेडियम में प्रशिक्षणरत युवाओं से चर्चा के दौरान ओपन जिम, लाइब्रेरी और हाईमास्ट लाइट की मांग रखी गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को इन सुविधाओं के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने हायर सेकेंडरी स्कूल की मरम्मत और शिक्षकों की कमी की समस्या भी बताई, जिस पर कलेक्टर ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों से संवाद
कुंडेल के मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र में कलेक्टर ने बच्चों को दिए जा रहे नाश्ता एवं भोजन की जानकारी ली। उन्होंने निर्धारित मापदंडों के अनुरूप बच्चों को अध्यापन कराने तथा कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। कमजोर एवं कुपोषित बच्चों के अभिभावकों से चर्चा कर आवश्यकता के अनुसार उन्हें एनआरसी भेजने कहा। इस दौरान उन्होंने बच्चों से रंगों के नाम, माता-पिता के नाम और सामान्य जानकारी पूछी तथा बच्चों को चॉकलेट वितरित की।
स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर
करेलीबड़ी और मगरलोड स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, प्रसव की स्थिति, एंबुलेंस एवं एएनएम की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से सीधे बातचीत कर उपचार, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया।
मगरलोड स्वास्थ्य केंद्र में निर्माणाधीन ऑपरेशन थिएटर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अस्पताल को 30 बिस्तरीय सुविधा के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही नए भवन के लिए अस्पताल परिसर के आसपास उपयुक्त स्थान चिन्हित कर समग्र प्लान तैयार करने कहा।
मशरूम उत्पादन और ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा
भेंडरी के मशरूम उत्पादन केंद्र का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने स्थानीय संसाधनों एवं नवाचार आधारित गतिविधियों के माध्यम से रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं और स्व-सहायता समूहों को ऐसी आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने तथा मशरूम उत्पादन के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की संभावनाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने औद्योगिक पार्क, उपस्वास्थ्य केंद्र, रीपा एवं अन्य विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के निर्देश दिए।
योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
मगरलोड में कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं स्वामी आत्मानंद विद्यालय में आयोजित कार्यशाला में सहभागिता की। इसके बाद जनपद पंचायत सभाकक्ष में आयोजित ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक में विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, आजीविका एवं ग्रामीण विकास की प्रगति की समीक्षा की।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचे। मैदानी स्तर पर नियमित निरीक्षण करते हुए विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और उपयोगिता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




