साइबर क्राइम के खिलाफ छत्तीसगढ़ पुलिस का ‘साइबर जागृति अभियान’, 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलेगा व्यापक अभियान
सेल्फी के जरिए साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने की अनोखी पहल, सात सप्ताह में अलग-अलग वर्गों को किया जाएगा जागरूक
उत्तम साहू धमतरी
रायपुर, 14 अगस्त 2026। प्रदेशवासियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस से गांधी जयंती तक चलने वाला यह सात सप्ताह का प्रदेशव्यापी अभियान जनभागीदारी के माध्यम से साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता का संदेश घर-घर तक पहुंचाने की अभिनव पहल है।
अभियान की मुख्य थीम ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ रखी गई है। इसके तहत नागरिक छत्तीसगढ़ पुलिस एवं संबंधित जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल पर जारी लिंक अथवा QR कोड को स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में अपनी सेल्फी ले सकेंगे। इसके बाद वे इस सेल्फी को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करेंगे। इससे साइबर सुरक्षा का संदेश उनके मित्रों, फॉलोअर्स और आमजन तक तेजी से पहुंचेगा।
पुलिस का मानना है कि जिस तरह देश की आजादी के लिए करोड़ों देशवासी एकजुट हुए थे, उसी भावना के साथ साइबर अपराध के खिलाफ भी सामूहिक जागरूकता जरूरी है। पुलिस ने आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने, ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ लेने और उसे सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की है।
सात सप्ताह में अलग-अलग विषयों पर होंगे कार्यक्रम
अभियान के दौरान प्रत्येक सप्ताह अलग-अलग वर्गों को लक्षित करते हुए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पहला सप्ताह: स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता एवं बुनियादी साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान।
दूसरा सप्ताह: बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों में वित्तीय धोखाधड़ी और UPI सुरक्षा के प्रति जागरूकता।
तीसरा सप्ताह: वरिष्ठ नागरिकों के साथ टाउन हॉल आयोजित कर डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल से बचाव की जानकारी।
चौथा सप्ताह: महिला कॉलेजों एवं सामुदायिक समूहों के बीच स्मार्टफोन प्राइवेसी और सुरक्षित ब्राउजिंग को लेकर अभियान।
पांचवां सप्ताह: रोजगार कार्यालयों, आईटीआई एवं कौशल विकास केंद्रों में युवाओं को जॉब फ्रॉड और फिशिंग से बचने के लिए जागरूक किया जाएगा।
छठा सप्ताह: डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग को लेकर जागरूकता अभियान।
सातवां सप्ताह: ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में गांधी जयंती के अवसर पर ‘साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ का संकल्प अभियान चलाया जाएगा।
सार्वजनिक स्थानों पर QR कोड का प्रचार
अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिला पुलिस टीमों और स्थानीय थानों द्वारा सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, पार्कों एवं बाजारों में पोस्टर-बैनर के माध्यम से QR कोड का प्रचार किया जाएगा। इसके अलावा छत्तीसगढ़ पुलिस और जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स तथा व्हाट्सऐप ग्रुपों के माध्यम से भी अभियान का लिंक साझा किया जाएगा।
2 अक्टूबर को होगा अभियान का समापन
‘साइबर जागृति अभियान’ का समापन 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के अवसर पर किया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से साइबर अपराध के प्रति व्यापक जागरूकता पैदा करना और सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण में आम नागरिकों को सहभागी बनाना है।
नागरिक अभियान में दिए गए लिंक के माध्यम से भी अपनी जागरूकता सेल्फी अपलोड कर सकते हैं।



