ई-मेडलीएपीआर के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर स्वास्थ्य-पुलिस विभाग की समन्वय बैठक
उत्तम साहू
धमतरी, 14 अगस्त 2026। ई-मेडलीएपीआर (MedLEaPR) के प्रभावी क्रियान्वयन और स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जिला चिकित्सालय धमतरी के सिविल सर्जन कक्ष में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने की। इसमें पुलिस विभाग के डीएसपी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी तथा स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में ई-मेडलीएपीआर के क्रियान्वयन से जुड़ी जमीनी समस्याओं के प्रभावी निराकरण और दोनों विभागों के बीच बेहतर तालमेल पर चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक धमतरी द्वारा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को प्रेषित पत्र के आधार पर नियमित समन्वय बैठक आयोजित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
एमएलसी और पीएम रिपोर्ट ऑनलाइन करने पर जोर
बैठक में ई-मेडलीएपीआर से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। सभी जिलों में ई-मेडलीएपीआर के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने, सीसीटीएनएस/ई-मेडलीएपीआर के माध्यम से एमएलसी एवं पीएम रिक्वेस्ट प्राप्त होने पर चिकित्सकों द्वारा रिपोर्ट ऑनलाइन जनरेट करने तथा लंबित एमएलसी/पीएम रिपोर्ट का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने ई-मेडलीएपीआर के माध्यम से एमएलसी एवं पीएम रिपोर्ट को शत-प्रतिशत ऑनलाइन पूर्ण करने के लिए आवश्यक कार्यवाही और विभागीय समन्वय सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की।
तकनीकी समस्याओं का मिलकर होगा समाधान
बैठक में ई-मेडलीएपीआर के संचालन के दौरान स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग के सामने आने वाली तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं का आपसी समन्वय से तत्काल निराकरण करने तथा प्रकरणों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया गया। साथ ही, ई-मेडलीएपीआर के क्रियान्वयन की प्रगति की नियमित समीक्षा करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक कार्यालय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, अस्पताल के प्रतिनिधि एवं चिकित्सक तथा पुलिस मुख्यालय के ऑनलाइन नोडल अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों की सहभागिता रही।

