डाइट नगरी में साक्षरता जागरूकता अभियान, रैली और शपथ के जरिए दिया शिक्षा का संदेश
उत्तम साहू
नगरी। भारत सरकार द्वारा देश को पूर्ण साक्षर बनाने के उद्देश्य से संचालित उल्लास–नवभारत साक्षरता कार्यक्रम एवं राष्ट्रीय साक्षरता अभियानों के तहत छत्तीसगढ़ में भी व्यापक साक्षरता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को बुनियादी पढ़ने-लिखने का ज्ञान प्रदान करना, डिजिटल एवं वित्तीय रूप से जागरूक बनाना, निरक्षरता को समाप्त करना तथा लोगों को जीवनभर सीखने के अवसर उपलब्ध कराना है।
इसी उद्देश्य की प्राप्ति के लिए छत्तीसगढ़ राज्य साक्षरता अभिकरण, रायपुर के मार्गदर्शन एवं राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), रायपुर के निर्देशन में राज्यव्यापी साक्षरता जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से लोगों को शिक्षा के महत्व से जोड़ते हुए ज्ञान, संवाद और सामाजिक विकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसी तारतम्य में डाइट नगरी में छात्राध्यापकों एवं संकाय सदस्यों द्वारा विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के तहत दीवार लेखन के माध्यम से साक्षरता संबंधी प्रेरक नारों का लेखन किया गया। इसके साथ ही साक्षरता शपथ दिलाई गई तथा उल्लास–नवभारत साक्षरता जनजागरूकता रैली निकालकर आम नागरिकों को साक्षरता के प्रति जागरूक किया गया।
रैली के दौरान छात्राध्यापकों ने लोगों को शिक्षा के महत्व, निरक्षरता उन्मूलन और डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक साक्षरता का संदेश पहुंचाना और लोगों को शिक्षा से जुड़ने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अभियान में डाइट नगरी के सभी संकाय सदस्यों, डीएलएड द्वितीय वर्ष के छात्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। अभियान को सफल बनाने में सभी की भूमिका एवं योगदान सराहनीय रहा।


