नगरी में गूंजा एकता का संदेश, पुलिस ने कराया ‘रन फॉर यूनिटी’ दौड़ का आयोजन
बजरंग चौक से सांकरा रोड मुक्तिधाम तक दौड़े स्कूली छात्र-छात्राएं, विजेताओं को मिला पुरस्कार
उत्तम साहू 14 अगस्त
नगरी। देश की एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगरी पुलिस द्वारा शुक्रवार को ‘रन फॉर यूनिटी’ दौड़ का आयोजन किया गया। बजरंग चौक नगरी से सांकरा रोड स्थित मुक्तिधाम तक आयोजित इस दौड़ में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 8 बजे हुई।
दौड़ में प्रतिभागियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लेते हुए मुक्तिधाम तक दौड़ लगाई। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को ₹1,000 तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को ₹500 का पुरस्कार थाना प्रभारी टापेश्वर सिंह नेताम द्वारा प्रदान किया गया। प्रतियोगिता में महज 13 वर्षीय सागर साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांचवां स्थान हासिल किया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।
एकता और अखंडता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी : एसडीओपी विपीन रंगारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीओपी विपीन रंगारी ने बच्चों को देश की एकता और अखंडता का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपना पूरा जीवन देश की एकता और अखंडता के लिए समर्पित किया। उनके अथक प्रयासों और दृढ़ संकल्प के कारण देश को एकता के सूत्र में बांधने का ऐतिहासिक कार्य संभव हुआ।
उन्होंने कहा कि हमें सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को हमेशा याद रखना चाहिए और देश की एकता व अखंडता को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। जब देशवासी एकजुट होकर भाईचारे के साथ रहते हैं, तो कोई भी ताकत देश की ओर आंख उठाकर देखने का साहस नहीं कर सकती। उन्होंने सभी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी ही देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव है।
पुलिस विभाग के प्रयास की सराहना
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने ‘रन फॉर यूनिटी’ जैसे आयोजन के लिए नगरी पुलिस विभाग की सराहना करते हुए आयोजन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों और युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन, आपसी भाईचारे तथा राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत होती है।
कार्यक्रम में बलजीत छाबड़ा, हृदय साहू, मोहन पुजारी, कमल डागा, भावेश चोपड़ा,पार्षद चेलेश्वरी साहू, टुकेश्वरी साहू, मिकी गुप्ता, देवचरन नेताम, एसडीओपी विपीन रंगारी, नगरी थाना प्रभारी टापेश्वर सिंह नेताम, गोपी चन्द्रकार योगेश कुमार साहू,सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
‘रन फॉर यूनिटी’ के माध्यम से नगरी में एकता, अखंडता, भाईचारे और देशभक्ति का संदेश दिया गया।


