बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या से सनसनी, खून से लथपथ मिले शव
बेमेतरा। परपोड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम कमकावड़ा में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बुजुर्ग दंपत्ति के शव घर में खून से लथपथ हालत में मिले। मृतकों की पहचान 60 वर्षीय बलिराम साहू और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी सामने आते ही गांव में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही परपोड़ी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक तौर पर मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि वारदात के पीछे की वास्तविक वजह क्या है और इसमें कौन-कौन शामिल है, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के लोगों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।
बुजुर्ग दंपत्ति की इस तरह हुई मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

