गोल्डन ऑवर में त्वरित उपचार से बच रही अनमोल जिंदगियां
पीएम-राहत योजना के तहत धमतरी जिले में 31 सड़क दुर्घटना प्रकरणों में 13 पीड़ितों को मिला निःशुल्क उपचार का लाभ
उत्तम साहू,धमतरी, 23 अगस्त 2026। सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती समय घायल व्यक्ति के जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल और कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारत सरकार की पीएम-राहत (प्रधानमंत्री रोड एक्सीडेंट विक्टिम हॉस्पिटलाइजेशन एंड एश्योर्ड ट्रीटमेंट) योजना का धमतरी जिले में प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचते ही उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, ताकि आर्थिक परेशानी या कागजी औपचारिकता उपचार में बाधा न बने।
5 मई 2025 से लागू इस योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती होने के दिन से अधिकतम सात दिनों तक प्रति व्यक्ति 1 लाख 50 हजार रुपए तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है। योजना का मुख्य उद्देश्य दुर्घटना के बाद के महत्वपूर्ण ‘गोल्डन ऑवर’ में घायल को शीघ्र अस्पताल पहुंचाकर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना और जीवन बचाने की संभावना को बढ़ाना है।
31 प्रकरणों में 13 पीड़ितों को मिला लाभ
धमतरी जिले में जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थाओं के बीच समन्वय सुनिश्चित किया जा रहा है। जिले में अब तक 31 सड़क दुर्घटना प्रकरणों में योजना के तहत कार्रवाई की गई है, जिनमें 13 दुर्घटना पीड़ितों को निःशुल्क उपचार का लाभ मिला है। इनमें गंभीर रूप से घायल मरीज भी शामिल हैं, जिन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाकर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया।
शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों के साथ 20 निजी अस्पताल भी जुड़े
योजना के तहत जिले के संबंधित शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में उपचार की व्यवस्था की गई है। इनमें जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) शामिल हैं। इसके अलावा जिले के 20 निजी अस्पताल भी योजना से जुड़े हैं। इनमें 19 अस्पताल आयुष्मान भारत के तहत इम्पैनल्ड हैं, जबकि एक निजी अस्पताल पीएम-राहत योजना के तहत विशेष रूप से इम्पैनल्ड है। इससे दुर्घटना पीड़ितों को नजदीकी उपलब्ध अस्पताल में शीघ्र उपचार दिलाने में मदद मिल रही है।
त्वरित उपचार और मानवीय संवेदना हमारी प्राथमिकता : कलेक्टर
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में प्रत्येक मिनट महत्वपूर्ण होता है। प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी दुर्घटना पीड़ित को आर्थिक कारणों या औपचारिकताओं के चलते उपचार के लिए इंतजार न करना पड़े। पीएम-राहत योजना संकट की घड़ी में जरूरतमंदों को तत्काल चिकित्सा सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अस्पतालों को योजना के प्रावधानों के अनुरूप संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने तथा दुर्घटना पीड़ितों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
गोल्डन ऑवर में उपचार से बढ़ती है जीवन बचने की संभावना : सीएमएचओ
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू. एल. कौशिक ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में समय पर उचित उपचार नहीं मिल पाना गंभीर स्थिति और मृत्यु का प्रमुख कारण बन सकता है। पीएम-राहत योजना दुर्घटना के बाद के शुरुआती महत्वपूर्ण समय में उपचार की बाधाओं को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। गोल्डन ऑवर में त्वरित एवं निःशुल्क उपचार मिलने से मरीज की स्थिति बिगड़ने से रोकने और जीवन बचाने की संभावना बढ़ जाती है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र अथवा योजना से संबद्ध अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें।
नागरिकों के लिए अपील
सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय गंवाए बिना तत्काल नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र अथवा पीएम-राहत योजना से संबद्ध अस्पताल पहुंचाएं। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवश्यक सहायता के लिए नागरिक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, धमतरी से संपर्क कर सकते हैं।

