जुआ फड़ पर पुलिस की दबिश, चार जुआरी गिरफ्तार
25,500 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश बरामद, जुआ-सट्टे के खिलाफ धमतरी पुलिस की कार्रवाई जारी
उत्तम साहू
धमतरी, 24 अगस्त 2026। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में जुआ-सट्टा सहित अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने ग्राम अधारी नवागांव क्षेत्र में जुआ फड़ पर दबिश देकर चार जुआरियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को क्षेत्र में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर कोतवाली पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की और जुआ खेलते चार लोगों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 25,500 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश बरामद की।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में संतोष साहू (32), अरमान मिर्जा (29), अनीश अहमद (43) और खेमचंद साहू (42) शामिल हैं। सभी आरोपी अधारी नवागांव, थाना सिटी कोतवाली, जिला धमतरी के निवासी हैं।
मामले में थाना सिटी कोतवाली धमतरी द्वारा अपराध क्रमांक 200/26, धारा 3(2) जुआ एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि जुआ-सट्टा अथवा किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

