धमतरी:'मिशन माँ सुरक्षा अभियान' के तहत सिविल अस्पताल नगरी में विशेष शिविर आयोजित:
60 उच्च जोखिम गर्भवती माताओं की हुई निःशुल्क सोनोग्राफी एवं जांच
उत्तम साहू,धमतरी/नगरी,दिनांक: 25 अगस्त 2026
कलेक्टर जिला धमतरी की अनूठी पहल एवं स्वास्थ्य विभाग (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन व सुमन योजना) के संयुक्त तत्वावधान में सुरक्षित मातृत्व की दिशा में चलाए जा रहे 'मिशन माँ सुरक्षा अभियान' (विशेषज्ञ आपके द्वार – सुरक्षित मातृत्व हर बार) के अंतर्गत आज सिविल अस्पताल नगरी में एक दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया।
यह शिविर जिला कलेक्टर श्री अविनाश मिश्रा के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) धमतरी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। शिविर के सफल क्रियान्वयन में डॉ प्रिया कंवर DPM , जिला स्वास्थ्य अधिकारी (DHO) डॉ. आदित्य सिन्हा का विशेष सहयोग एवं सपोर्ट रहा।
60 उच्च जोखिम गर्भवती माताओं को मिला लाभ:
शिविर में क्षेत्र की कुल 60 उच्च जोखिम वाली गर्भवती माताओं (High-Risk Pregnancy) की निःशुल्क कलर अल्ट्रासोनोग्राफी की गई। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण कुमार नेताम एवं डॉ. शीला रानी देवांगन द्वारा गर्भवती महिलाओं की गहन जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार, दवाइयां, पोषण संबंधी मार्गदर्शन तथा उचित चिकित्सकीय परामर्श पूर्णतः निःशुल्क प्रदान किया गया।
विशेषज्ञों द्वारा विशेष रूप से जटिल गर्भावस्था जैसे— पूर्व में सिजेरियन डिलीवरी (Previous LSCS), उच्च रक्तचाप (PIH), जुड़वा गर्भ (Twins), कम/अधिक उम्र में पहली गर्भावस्था, गंभीर एनीमिया (खून की कमी) एवं आर.एच. नेगेटिव रक्त समूह वाली माताओं की विस्तृत जांच कर सुरक्षित प्रसव हेतु योजना बनाई गई।
मिशन माँ सुरक्षा के तहत प्रमुख 5 लाभ:
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करना है, जिसके अंतर्गत: में
निःशुल्क कलर सोनोग्राफी सुविधा। उच्च जोखिम गर्भावस्था की समय पर पहचान। समय पर त्वरित रेफरल सुविधा। नियमित स्वास्थ्य निगरानी। पोषण एवं स्वास्थ्य परामर्श।
शिविर में इनकी रही महत्वपूर्ण सहभागिता:
इस शिविर के सफल संचालन में खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) डॉ. डी. एन. सोम, बी पी एम हितेंद्र कुमार ,स्टाफ नर्स कु. कुसुमलता बंधे, सोनोग्राफी टेक्नीशियन उर्वशी साहू, जीडीएस प्रभारी धर्मेंद्र सिन्हा एवं ब्लॉक अकाउंट मैनेजर (BAM) श्री प्रेमलाल साहू सहित अस्पताल के अन्य स्वास्थ्य कर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।

